टिकारी के पूर्व प्रखंड उप प्रमुख के आमरण अनशन पर प्रशासन गंभीर, निष्पक्ष जांच के लिए निगरानी दल गठित
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 07 सितंबर 2026
गयाजी: टिकारी प्रखंड के पूर्व प्रखंड उप प्रमुख किशोर कुमार द्वारा प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, टिकारी को प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, कोच का अतिरिक्त प्रभार दिए जाने एवं उनके कार्यकलापों से संबंधित आपत्तियों को लेकर किए जा रहे आमरण अनशन के मामले को जिला प्रशासन ने गंभीरता से लिया है।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर के निर्देश पर अधिकारियों की संयुक्त टीम धरना स्थल पर पहुंची और किशोर कुमार से वार्ता की। टीम में अपर समाहर्ता विभागीय जांच रविशंकर कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक संजय कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी टिकारी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना), शिक्षा विभाग तथा प्रखंड विकास पदाधिकारी, कोच शामिल थे।
सभी बिंदुओं की निष्पक्षता और पारदर्शिता से होगी जांच
वार्ता के दौरान अधिकारियों ने किशोर कुमार को आश्वस्त किया कि उनके द्वारा उठाए गए सभी बिंदुओं की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ जांच की जा रही है। अधिकारियों ने उनसे जांच के दौरान उपलब्ध तथ्यों एवं आवश्यक जानकारी जांच दल के समक्ष प्रस्तुत करने का अनुरोध किया, ताकि मामले की वास्तविकता का सम्यक परीक्षण किया जा सके।
दो वरिष्ठ अधिकारियों की टीम करेगी विस्तृत जांच
जिला प्रशासन के निर्देश पर मामले की निष्पक्ष एवं विस्तृत जांच के लिए जिला निगरानी जांच दल का गठन किया गया है। इस दल में अपर समाहर्ता विभागीय जांच रविशंकर कुमार एवं अपर पुलिस अधीक्षक संजय कुमार को शामिल किया गया है।
गठित जांच दल द्वारा मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं की विस्तारपूर्वक जांच की जा रही है। प्रशासन की ओर से कहा गया है कि उपलब्ध तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
आमरण अनशन समाप्त करने का प्रशासन ने किया अनुरोध
अधिकारियों ने किशोर कुमार को पुनः भरोसा दिलाया कि जांच प्रक्रिया निष्पक्ष रूप से पूरी की जाएगी और जांच के निष्कर्ष के आधार पर उचित निर्णय लिया जाएगा। साथ ही उनसे जांच दल को आवश्यक सहयोग प्रदान करने की अपील की गई है।
जिला प्रशासन ने किशोर कुमार से आमरण अनशन समाप्त करने का अनुरोध करते हुए कहा है कि मामले की विधिवत जांच शुरू हो चुकी है। जांच पूरी होने के बाद सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।
