खिजरसराय के सहयोग शिविर में उमड़ी ग्रामीणों की भीड़, एसडीएम केशव आनंद ने सुनीं शिकायतें

0
Screenshot_2026_0707_200217.jpg
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 07 जुलाई 2026,

गयाजी: सरकार की जनसमस्याओं के त्वरित समाधान की पहल के तहत खिजरसराय प्रखंड के चिरैली पंचायत अंतर्गत देवगांव में तथा कुड़वा पंचायत के बीजोपुर सामुदायिक भवन में मंगलवार को सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी शिकायतों और समस्याओं के साथ पहुंचे। लोगों ने राजस्व, भूमि विवाद, दाखिल-खारिज, सीमांकन, अतिक्रमण, सरकारी योजनाओं के लाभ, प्रमाण-पत्र समेत विभिन्न मामलों से संबंधित आवेदन अधिकारियों को सौंपे।

एसडीएम ने स्वयं सुनीं लोगों की समस्याएं

सहयोग शिविर का निरीक्षण करने पहुंचे अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) केशव आनंद ने स्वयं एक-एक शिकायतकर्ता से बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक आवेदन का गंभीरता से परीक्षण कर समयबद्ध तरीके से उसका निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सहयोग शिविरों का उद्देश्य आम लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने से राहत दिलाना है।

भूमि विवाद से जुड़े मामलों की रही भरमार

शिविर में सबसे अधिक शिकायतें भूमि संबंधी विवादों की प्राप्त हुईं। ग्रामीणों ने सीमांकन, दाखिल-खारिज, जमाबंदी, अतिक्रमण और आपसी जमीन विवाद जैसे वर्षों से लंबित मामलों को अधिकारियों के समक्ष रखा। कई शिकायतकर्ताओं ने बताया कि लंबे समय से उनके मामलों का समाधान नहीं हो सका है। इस पर एसडीएम ने राजस्व अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर जांच कर नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

लंबित शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश

निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने अधिकारियों से प्राप्त आवेदनों की विस्तृत जानकारी ली और स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी शिकायत को बिना उचित कारण लंबित न रखा जाए। उन्होंने सभी मामलों का रिकॉर्ड तैयार कर नियमित मॉनिटरिंग करने तथा शिकायतकर्ताओं को कार्रवाई की अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।

अधिकारियों ने दिया त्वरित कार्रवाई का भरोसा

शिविर में राजस्व पदाधिकारी नवल आनंद, बीपीआरओ अमरदीप चौधरी, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी डॉ. अभय कुमार रमन तथा खिजरसराय थानाध्यक्ष दिनेश कुमार महतो सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने लोगों की समस्याएं सुनते हुए भूमि संबंधी मामलों के शीघ्र निष्पादन तथा कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिलाया। साथ ही ग्रामीणों से आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन देने की अपील की, ताकि मामलों का त्वरित निपटारा किया जा सके।

प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी के अनुपस्थिति से वंचित रह गए खाद्य सुरक्षा के शिकायतकर्ता

कुड़वा पंचायत के बिजोपुर निवासी रामनरेश यादव ने बताया कि हमें जन वितरण डीलर के द्वारा 5 किलो की जगह मात्र 3 किलो ही अनाज दिया जाता है जिसकी शिकायत करने शिविर में आए थे पर आपूर्ति पदाधिकारी आए ही नहीं।

ग्रामीणों ने की पहल की सराहना

ग्रामीणों ने सहयोग शिविर की सराहना करते हुए कहा कि गांव में ही वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी से उन्हें अपनी बात सीधे रखने का अवसर मिला। इससे समय और खर्च दोनों की बचत हुई तथा समस्याओं के समाधान को लेकर लोगों का भरोसा भी मजबूत हुआ।

प्रशासन का मानना है कि इस प्रकार के सहयोग शिविर ग्रामीण क्षेत्रों में शासन और आम जनता के बीच संवाद को मजबूत करने के साथ-साथ जनसमस्याओं के पारदर्शी और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page