नगर पंचायत खिजरसराय में सशक्त स्थायी समिति का निर्वाचन सम्पन्न, तीन सदस्य निर्विरोध चुने गए

0
IMG-20260530-WA0005.jpg
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 30 मई 2026,

खिजरसराय (गयाजी): नगर विकास एवं आवास विभाग, बिहार की अधिसूचना तथा बिहार नगरपालिका अधिनियम, 2007 के प्रावधानों के तहत नगर पंचायत खिजरसराय की सशक्त स्थायी समिति के सदस्य पदों के लिए निर्वाचन प्रक्रिया शनिवार को अनुमंडल कार्यालय नीमचक बथानी में शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। निर्वाचन की पूरी प्रक्रिया निर्वाची पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी, नीमचक बथानी, केशव आनंद की अध्यक्षता में आयोजित की गई।

निर्वाचन बैठक में नगर पंचायत खिजरसराय के सभी 13 निर्वाचक सदस्यों की उपस्थिति का सत्यापन किया गया। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सदस्य संख्या-01, 02 एवं 03 के लिए नामांकन पत्र दाखिल किए गए। नामांकन वापसी की अवधि समाप्त होने के बाद प्रत्येक पद पर केवल एक-एक वैध उम्मीदवार शेष रहने के कारण मतदान की आवश्यकता नहीं पड़ी।

इसके बाद सदस्य संख्या-01 के लिए कुमारी अनीता रानी, सदस्य संख्या-02 के लिए शीला देवी तथा सदस्य संख्या-03 के लिए सत्यजीत चन्द्र सैनिक को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।
निर्वाचन परिणाम घोषित होने के बाद निर्वाचित सदस्यों को निर्वाचन प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया तथा पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। इस प्रकार नगर पंचायत खिजरसराय की सशक्त स्थायी समिति के तीन सदस्यों का निर्वाचन विधिवत और सफलतापूर्वक संपन्न हो गया।

इस अवसर पर निर्वाची पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी ने सभी निर्वाचित सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि वे नगर पंचायत क्षेत्र के विकास, जनहित और स्थानीय समस्याओं के समाधान में सक्रिय भूमिका निभाएंगे तथा नगर के समग्र विकास में अपना महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

नगर पंचायत में सशक्त स्थायी समिति के गठन को स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने सुशासन एवं विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page