आईआईटी एडवांस्ड 2026 में शुभम कुमार ने लहराया सफलता का परचम, मेधावी छात्रों का हुआ सम्मान
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 11 जून 2026,
गयाजी: जिले से शिक्षा जगत के लिए एक गौरवपूर्ण खबर सामने आई है। आईआईटी एडवांस्ड 2026 में पूरे देश में प्रथम स्थान हासिल कर गयाजी के होनहार छात्र शुभम कुमार ने जिले के साथ-साथ पूरे बिहार का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि पर गुरुवार को आयोजित सम्मान समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
18 मेधावी छात्रों को मिला सम्मान
समारोह में आईआईटी, एनआईटी, जेईई और विभिन्न ओलंपियाड परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करने वाले कुल 18 मेधावी छात्रों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
शिक्षकों और परिवार को दिया सफलता का श्रेय
आईआईटी एडवांस्ड में सफलता प्राप्त करने वाले शुभम कुमार ने अपनी उपलब्धि का श्रेय अपने शिक्षकों, विशेष रूप से ब्रिटिश इंस्टीट्यूट के निदेशक भीम राज सर एवं अनुराग सर को दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के मार्गदर्शन, कठिन परिश्रम और परिवार के निरंतर सहयोग की बदौलत ही वे यह मुकाम हासिल कर सके हैं।
एनआईटी और ओलंपियाड में सफल छात्रों का भी सम्मान
कार्यक्रम में एनआईटी के लिए चयनित तुषार कुमार, नितीश किशोर, अंकित कुमार और देव यादव सहित कई प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। साथ ही जेईई और ओलंपियाड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों की उपलब्धियों को भी सराहा गया।
छात्रों को बड़े लक्ष्य निर्धारित करने की सलाह
समारोह को संबोधित करते हुए सामाजिक कार्यकर्ता एवं गया नगर निगम के स्टैंडिंग कमेटी सदस्य मोहन श्रीवास्तव ने कहा कि गयाजी की धरती शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान स्थापित कर रही है। यहां के छात्र अपनी मेहनत और लगन के बल पर राष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल कर रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से बड़े लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर परिश्रम करने का आह्वान किया।
सफलता बनी अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा
गयाजी के इन मेधावी छात्रों की उपलब्धियों ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि दृढ़ संकल्प, सही मार्गदर्शन और कड़ी मेहनत के बल पर किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। छात्रों की यह सफलता आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।
