गया पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 8 वर्षों से फरार कुख्यात नक्सली विन्देश्वरी पासवान गिरफ्तार

0
IMG-20260425-WA0005.jpg
Spread the love

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 25 अप्रैल 2026,

गयाजी: गयाजी पुलिस ने नक्सल विरोधी अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए 8 वर्षों से फरार चल रहे कुख्यात नक्सली विन्देश्वरी पासवान उर्फ गोरा पासवान को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई 24 अप्रैल 2026 को गुप्त सूचना के आधार पर औरंगाबाद जिले के बंदेया थाना क्षेत्र स्थित उसके घर पर छापेमारी कर की गई।

गुप्त सूचना पर हुई छापेमारी

टिकारी थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कई मामलों में वांछित नक्सली अपने घर आया हुआ है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने बंदेया गांव में छापेमारी की। इस दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगा, जिसे सशस्त्र बल की मदद से पकड़ लिया गया।

पूछताछ में हुई पहचान

गिरफ्तार व्यक्ति ने पूछताछ में अपनी पहचान विन्देश्वरी पासवान उर्फ गोरा पासवान, पिता स्वर्गीय डोमन पासवान, निवासी बंदेया थाना, जिला औरंगाबाद के रूप में बताई।

लेवी मांगने के मामले में था वांछित

पुलिस के अनुसार, वर्ष 2018 में टिकारी थाना क्षेत्र के एक ईंट-भट्ठा संचालक से नक्सलियों द्वारा लेवी मांगने का मामला दर्ज किया गया था। इस संबंध में टिकारी थाना कांड संख्या 63/2018 के तहत भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं और सीएलए एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ था। जांच के दौरान इस कांड में विन्देश्वरी पासवान की संलिप्तता सामने आई थी, जिसके बाद से वह फरार चल रहा था।

पहले ही 9 नक्सली हो चुके हैं गिरफ्तार

इस मामले में पुलिस पूर्व में 9 अन्य नक्सलियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज चुकी है। गिरफ्तार आरोपी का विस्तृत आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।

अन्य नक्सलियों की तलाश जारी

पुलिस ने बताया कि अन्य फरार नक्सलियों और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार विशेष छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इस कार्रवाई को नक्सल विरोधी अभियान में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page