राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारी तेज, अधिक से अधिक मामलों के निष्पादन का निर्देश

0
Screenshot_2026_1128_210437
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 28 नवम्बर 2026,


गयाजी। आगामी 12 दिसंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर सिविल कोर्ट के सभाकक्ष में बैठक आयोजित की गई। इसकी अध्यक्षता प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष डॉ. राकेश कुमार सिंह ने की। बैठक में चिन्हित मामलों में नोटिस जारी करने और अधिक से अधिक वादों का निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने सभी न्यायिक पदाधिकारियों को अपने-अपने न्यायालयों में चिन्हित मामलों से संबंधित नोटिस चौकीदार एवं पारा विधिक स्वयंसेवकों (पीएलवी) के माध्यम से तामील कराने को कहा। उन्होंने लोगों से राष्ट्रीय लोक अदालत के अवसर का लाभ उठाते हुए अपने विरुद्ध लंबित सुलहनीय आपराधिक मामलों का निपटारा कराने की अपील की।

बैठक में परिवार न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश सुनील कुमार वर्मा, जिला विधिक सेवा प्राधिकार के प्रभारी सचिव विभूति भूषण सहित अन्य न्यायिक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बिजली से जुड़े मामलों के निपटारे के लिए भी हुई बैठक

राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों के क्रम में मगध प्रमंडल विशेष विद्युत न्यायालय, गयाजी में भी बिजली विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता विद्युत न्यायालय के प्रभारी जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश-12 राजेश पांडेय ने की।

बैठक में प्रभारी न्यायाधीश ने बिजली विभाग के अधिकारियों को न्यायालय में लंबित राजीनामा योग्य एवं विद्युत मामलों के अधिक से अधिक निष्पादन के लिए 2 दिसंबर से 10 दिसंबर 2026 के बीच प्री-सिटिंग आयोजित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि मामलों के निपटारे में अधिकतम सहयोग सुनिश्चित करें और शासन की ओर से दी जाने वाली छूट का व्यापक प्रचार-प्रसार करें, ताकि संबंधित पक्षकार इसका लाभ उठा सकें।

बैठक में उपस्थित बिजली विभाग के अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि वे अधिक से अधिक मामलों के निराकरण में सहयोग करेंगे। दोनों बैठकों के माध्यम से आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत में लंबित मामलों के त्वरित एवं आपसी सहमति से निष्पादन की तैयारी पर जोर दिया गया।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page