गयाजी में जहरीली गैस से चार लोगों की मौत, मोटर ठीक करने कुएँ में उतरना बना काल

0
IMG-20260815-WA0007.jpg
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 14 अगस्त 2026,

गयाजी।  जिले के डोभी प्रखंड के गढ़ करमौनी गांव में शुक्रवार को दर्दनाक हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। खेत में पानी पहुंचाने के लिए कुएं में लगी बोरिंग का सेक्शन जोड़ने और मोटर से जुड़ा काम करने के दौरान एक के बाद एक चार लोग कुएं में उतरे, लेकिन कोई भी वापस नहीं निकल सका। पुलिस के अनुसार, कुएं में मौजूद जहरीली गैस के कारण दम घुटने से चारों की मौत हुई।

मृतकों की पहचान चमारी मांझी, दिलचंद मांझी, विकास चौधरी और विजय चौधरी के रूप में हुई है। विजय चौधरी और विकास चौधरी आपस में पिता-पुत्र बताए जा रहे हैं।

एक के बाद एक कुएं में उतरते गए चारों

स्थानीय लोगों के अनुसार, खेत में सिंचाई के लिए कुएं में बोरिंग लगी हुई थी। बोरिंग का सेक्शन जोड़ने के लिए सबसे पहले विजय चौधरी कुएं में उतरे। काफी देर तक उनके बाहर नहीं आने पर उनका पुत्र विकास चौधरी कुएं में गया।

इसके बाद काफी देर तक विकास के भी नहीं आने पर चमारी मांझी और दिलचंद मांझी भी एक-एक कर कुएं में उतर गए। चारों के वापस नहीं आने पर ग्रामीणों को हादसे की जानकारी हुई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

कुएं में जहरीली गैस का प्रभाव

डोभी थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि कुएं में उतरने वाले चारों लोगों की मौत जहरीली गैस के कारण दम घुटने से होने की बात सामने आई है।

उन्होंने बताया कि सभी लोग खेत में पानी डालने के लिए कुएं में बोरिंग का सेक्शन जोड़ने गए थे। इसी दौरान एक के बाद एक चारों कुएं में उतर गए और यह हादसा हो गया।

पुलिस ने चारों शवों को कुएं से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

रेस्क्यू के दौरान फायरमैन भी बेहोश

हादसे की सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और शवों को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया। इसी दौरान कुएं में मौजूद जहरीली गैस की चपेट में आने से फायरमैन अजीत कुमार भी बेहोश हो गए।

बताया गया कि कुछ देर बाद उनकी स्थिति सामान्य हो गई। इसके बाद रेस्क्यू टीम ने सावधानी के साथ अभियान चलाकर कुएं से चारों शवों को बाहर निकाला।

गांव में पसरा मातम

एक ही घटना में चार लोगों की मौत की खबर फैलते ही गढ़ करमौनी गांव में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।

पुलिस प्रशासन की ओर से घटना की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page