गया कॉलेज में सद्भावना दिवस पर राजीव गांधी के सपनों और आधुनिक भारत पर विशेष व्याख्यान
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 20 अगस्त 2026
गयाजी: गया कॉलेज के राजनीति शास्त्र विभाग एवं लोक प्रशासन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में सद्भावना दिवस के अवसर पर ‘21वीं सदी में राजीव गांधी के सपनों का भारत’ विषय पर विशेष व्याख्यान आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ राजनीति शास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. संजय तिवारी एवं लोक प्रशासन विभागाध्यक्ष डॉ. अशोक कुमार ने राजीव गांधी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया।
विद्यार्थियों ने राजीव गांधी के जीवन और योगदान पर रखे विचार
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों आयुष कुमार, ऋषि कुमारी, ज्योति कुमारी एवं अंकित कुमार ने राजीव गांधी के जीवन के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए उनके विचारों एवं योगदान की चर्चा की।
सहायक प्राध्यापिका स्वीटी कुमारी ने राजीव गांधी के जीवन और उनके विचारों पर विस्तार से चर्चा की। वहीं पुष्पा कुमारी सोनी ने पंचायती राज की अवधारणा एवं विकेंद्रीकरण के महत्व को रेखांकित किया।
तकनीक और दूरसंचार के क्षेत्र में पहल को किया याद
कार्यक्रम का संचालन लोक प्रशासन विभागाध्यक्ष डॉ. अशोक कुमार ने किया। उन्होंने राजीव गांधी की बहुआयामी प्रतिभा और दूरदर्शी सोच पर प्रकाश डालते हुए कहा कि तकनीक, दूरसंचार एवं शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उनके द्वारा महत्वपूर्ण पहल की गई थी।
सद्भाव और सामाजिक एकता को बताया राष्ट्र की ताकत
अध्यक्षीय संबोधन में राजनीति शास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. संजय तिवारी ने राजीव गांधी के विचारों एवं आधुनिक भारत के निर्माण में उनके योगदान को याद किया।
धन्यवाद ज्ञापन राजनीति विज्ञान के सहायक प्राध्यापक डॉ. प्रशान्त ने किया। उन्होंने सद्भावना दिवस की प्रासंगिकता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आपसी भाईचारा, सद्भाव और सामाजिक एकता मजबूत राष्ट्र की आधारशिला हैं। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
