पूर्व गणतंत्र दिवस शिविर में बिहार दल का नेतृत्व करेंगे गया कॉलेज के डॉ. राजेश कुमार मिश्रा

0
IMG-20261118-WA0002
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 18 नवम्बर 2026


गयाजी। गया कॉलेज के लिए गौरव की उपलब्धि सामने आई है। महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. राजेश कुमार मिश्रा का चयन पूर्व गणतंत्र दिवस शिविर 2026-27 के लिए बिहार राज्य दल के टीम लीडर के रूप में किया गया है। वे बिहार के विभिन्न विश्वविद्यालयों से चयनित 18 स्वयंसेवकों का नेतृत्व करेंगे। वहीं, गया कॉलेज की छात्रा नंदनी कुमारी का भी इस प्रतिष्ठित शिविर के लिए चयन हुआ है।

आगरा में 21 से 30 नवंबर तक होगा शिविर

पूर्व गणतंत्र दिवस शिविर का आयोजन 21 से 30 नवंबर 2026 तक उत्तर प्रदेश के आगरा स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय में किया जाएगा। दस दिवसीय इस प्रशिक्षण शिविर में देशभर से चयनित युवा विभिन्न गतिविधियों और प्रशिक्षण कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।

शिविर में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्वयंसेवकों को आगामी गणतंत्र दिवस पर नई दिल्ली के कर्तव्य पथ पर आयोजित परेड में शामिल होने का अवसर मिल सकता है। इसके साथ ही उन्हें राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री से मिलने का अवसर भी प्राप्त हो सकता है।

गया कॉलेज और मगध विश्वविद्यालय में खुशी

डॉ. राजेश कुमार मिश्रा और छात्रा नंदनी कुमारी के चयन से गया कॉलेज और मगध विश्वविद्यालय में खुशी का माहौल है। इस उपलब्धि पर मगध विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. दिलीप कुमार केसरी, एनएसएस समन्वयक डॉ. पिंटू कुमार, गया कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सतीश सिंह चंद्र, प्रोफेसर इंचार्ज प्रो. विभा सिंह, बर्सर डॉ. मार्कंडेय पांडेय, परीक्षा नियंत्रक डॉ. सोमनाथ सहित महाविद्यालय के शिक्षकों एवं कर्मियों ने बधाई दी है।

प्राचार्य प्रो. सतीश सिंह चंद्र ने कहा कि डॉ. मिश्रा का टीम लीडर के रूप में चयन और छात्रा नंदनी कुमारी की सहभागिता गया कॉलेज के साथ-साथ मगध विश्वविद्यालय और बिहार के लिए भी प्रेरणादायक है। उन्होंने सभी चयनित प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य और शिविर में बेहतर प्रदर्शन की कामना की।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page