इनोवा कार से 369 लीटर से अधिक शराब बरामद, नालंदा का युवक गिरफ्तार
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 14 सितंबर 2026
गयाजी: जिले में शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान उत्पाद विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए इनोवा कार से 369.48 लीटर शराब बरामद की है। कार्रवाई के दौरान एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई जिंदापुर स्थित एनएच-22 पर बोधगया थाना क्षेत्र में की गई।
886 बोतलों में मिली 369.48 लीटर शराब
उत्पाद विभाग के अनुसार, छापेमारी के दौरान एक चार पहिया वाहन इनोवा कार को जब्त किया गया। वाहन की तलाशी लेने पर शराब की कुल 886 बोतलें बरामद हुईं। इन बोतलों में शराब की कुल मात्रा 369.48 लीटर बताई गई है।
शराब बरामद होने के बाद वाहन को जब्त करते हुए मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
नालंदा का रहने वाला है गिरफ्तार युवक
गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान रंजीत कुमार (29 वर्ष) के रूप में हुई है। वह जयराम प्रसाद का पुत्र है और महाराजपुर, थाना औंगारी, जिला नालंदा का रहने वाला बताया गया है। उत्पाद विभाग अब गिरफ्तार युवक से पूछताछ कर शराब की खेप के स्रोत और इसके संभावित गंतव्य के संबंध में जानकारी जुटा रहा है।
सहायक अवर निरीक्षक के नेतृत्व में हुई कार्रवाई
कार्रवाई के लिए गठित छापामार दल में सहायक अवर निरीक्षक अनिल कुमार सिंह तथा सहायक अवर निरीक्षक मो. हाबिल सहित गृह रक्षक शामिल रहे। टीम ने कार्रवाई करते हुए शराब और वाहन को जब्त किया तथा आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उत्पाद विभाग की ओर से मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।
