बकरीद को लेकर गया प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने अधिकारियों को दिया सख्त निर्देश

0
1779974017893.jpg
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 27 मई 2026,

गयाजी: बुधवार को जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर एवं सिटी एसपी कोटा किरण की अध्यक्षता में पुलिस लाइन कैंपस में बकरीद पर्व को लेकर विधि व्यवस्था एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से विशेष ब्रीफिंग बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न प्रतिनियुक्ति स्थलों पर तैनात दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई

जिला पदाधिकारी ने जिलावासियों को बकरीद की शुभकामनाएं देते हुए पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सोशल मीडिया पर अफवाह या विवाद फैलाने वाले मैसेज पर प्रशासन की कड़ी नजर रहेगी। साइबर सेल एवं साइबर सेनानी लगातार सोशल मीडिया मॉनिटरिंग कर रहे हैं और आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों पर नामजद प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।

संवेदनशील इलाकों में बढ़ाई गई निगरानी

प्रशासन द्वारा जिला, अनुमंडल एवं प्रखंड स्तर पर लगातार समीक्षा की जा रही है। सभी अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों को संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण कर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है। शांति समिति के सदस्यों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने पर भी जोर दिया गया।

नगर निगम को सफाई और पानी की विशेष व्यवस्था के निर्देश

गया नगर निगम को बकरीद के अवसर पर साफ-सफाई एवं पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। डीएम ने कहा कि सुबह 4 बजे से जलापूर्ति शुरू कर दी जाए और सफाई कर्मी उपकरणों के साथ तैनात रहें। गांधी मैदान, कर्बला, मस्जिदों और मदरसों के आसपास विशेष सफाई अभियान चलाने तथा स्प्रिंकलर मशीन से पानी का छिड़काव करने का निर्देश भी दिया गया।

कुर्बानी वेस्ट के उठाव के लिए बनाया गया माइक्रोप्लान

नगर आयुक्त ने जानकारी दी कि गया नगर निगम क्षेत्र के 22 वार्डों को चिन्हित कर माइक्रोप्लान तैयार किया गया है। कुर्बानी के बाद निकलने वाले वेस्ट मटेरियल के उठाव एवं डिस्पोजल के लिए पर्याप्त संख्या में कवर वाहन लगाए जाएंगे। वेस्ट को नैली डंपिंग यार्ड में बनाए गए विशेष गड्ढों में डिस्पोज किया जाएगा।

पुलिस करेगी फ्लैग मार्च और विशेष गश्ती

नगर पुलिस अधीक्षक कोटा किरण ने सभी थाना प्रभारियों एवं एसडीपीओ को संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आपसी सौहार्द बिगाड़ने वाले असामाजिक तत्वों से सख्ती से निपटा जाएगा। धार्मिक स्थलों के आसपास विशेष गश्ती, सीसीटीवी निगरानी और ट्रैफिक व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े अधिकारी

बैठक में नगर आयुक्त, उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, वरीय पुलिस पदाधिकारी, थानाध्यक्ष सहित सभी प्रखंडों के बीडीओ, सीओ एवं थाना अध्यक्ष वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page