गयाजी में 14 परीक्षा केंद्रों पर होगी सिपाही भर्ती परीक्षा, डीएम-एसएसपी ने अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश

0
1781269831753.jpg
Spread the love

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 12 जून 2026,

गयाजी: 14 जून से केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) द्वारा आयोजित होने वाली मद्य निषेध सिपाही, कक्षपाल एवं चलंत दस्ता सिपाही भर्ती परीक्षा के सफल संचालन को लेकर शुक्रवार को जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर एवं वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित की गई। बैठक में केंद्राधीक्षकों, दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को परीक्षा संचालन से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

14 और 17 जून को दो पालियों में होगी परीक्षा

केंद्रीय चयन पर्षद द्वारा मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग, गृह विभाग (कारा) तथा परिवहन विभाग में विभिन्न पदों पर चयन हेतु 14 जून एवं 17 जून 2026 को दो-दो पालियों में लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली की परीक्षा अपराह्न 3 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित होगी।

गयाजी जिले में बनाए गए 14 परीक्षा केंद्र

परीक्षा के लिए जिले में कुल 14 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें अनुग्रह मेमोरियल कॉलेज कटारी हिल, राम रुचि बालिका इंटर स्कूल नई गोदाम, प्लस टू हाई स्कूल रसलपुर, महावीर इंटर कॉलेज, गवर्नमेंट गर्ल्स प्लस टू स्कूल रमना, अनुग्रह कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय, टी मॉडल इंटर स्कूल, काशमी हाई स्कूल, प्लस टू हाई स्कूल चंदौती मोड़, उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय गौरी कन्या भुसुंडा, हरिदास सेमिनरी स्कूल, हादी हाशमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, गया हाई स्कूल न्यू करीमगंज तथा प्लस टू जिला स्कूल शामिल हैं।

प्रत्येक दिन 13,296 अभ्यर्थी होंगे शामिल

14 जून को प्रथम एवं द्वितीय पाली में 6,648-6,648 अभ्यर्थी शामिल होंगे। इस प्रकार कुल 13,296 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। इसी प्रकार 17 जून को भी दोनों पालियों में कुल 13,296 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।

व्यापक सुरक्षा और निगरानी के इंतजाम

परीक्षा के स्वच्छ एवं कदाचारमुक्त संचालन के लिए प्रत्येक केंद्र पर एक ऑब्जर्वर, दो-दो स्टैटिक दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। इसके अतिरिक्त 31 स्टैटिक दंडाधिकारी तथा 8 जोनल दंडाधिकारी लगातार परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्था की निगरानी करेंगे। सभी परीक्षा केंद्रों पर संपूर्ण परीक्षा अवधि के दौरान वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी।

देर से पहुंचने पर प्रवेश की अनुमति नहीं

प्रथम पाली के अभ्यर्थियों का रिपोर्टिंग समय सुबह 8 बजे तथा द्वितीय पाली के लिए दोपहर 1 बजे निर्धारित किया गया है। सुबह 9 बजे तथा दोपहर 2 बजे के बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी परीक्षार्थी को मोबाइल फोन अथवा किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट के साथ परीक्षा हॉल में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।

धारा 163 लागू, कंट्रोल रूम भी स्थापित

परीक्षा अवधि के दौरान सभी परीक्षा केंद्रों के 500 गज की परिधि में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू रहेगी। परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए जिला नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किया गया है, जिसका दूरभाष संख्या 0631-2222634 निर्धारित किया गया है। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुगम बनाए रखने के लिए अलग से दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।

डीएम-एसएसपी ने दिए सख्त निर्देश

जिला पदाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने सभी प्रतिनियुक्त अधिकारियों को परीक्षा के दिन सुबह 7 बजे तक अपने-अपने केंद्रों पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि परीक्षा का आयोजन पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं कदाचारमुक्त वातावरण में हर हाल में सुनिश्चित किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page