खिजरसराय के नर्सिंग होमों में फायर सेफ्टी जांच, एनओसी की हुई पड़ताल
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 05 जून 2026,
खिजरसराय, गयाजी। बढ़ती अग्निकांड की घटनाओं को देखते हुए प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। इसी क्रम में शुक्रवार को खिजरसराय क्षेत्र के विभिन्न नर्सिंग होम एवं स्वास्थ्य संस्थानों में फायर सेफ्टी संबंधी जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान अस्पतालों में अग्नि सुरक्षा मानकों के अनुपालन तथा फायर विभाग से आवश्यक अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) की उपलब्धता की जांच की गई।
इस विशेष जांच अभियान का नेतृत्व अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी तेजन राम ने किया। उनके द्वारा खिजरसराय स्थित गयात्री सेवा सदन, वंतजात हॉस्पिटल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) खिजरसराय सहित क्षेत्र के अन्य निजी नर्सिंग होमों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान यह देखा गया कि संबंधित संस्थानों के पास फायर सेफ्टी से संबंधित वैध एनओसी उपलब्ध है या नहीं। साथ ही अस्पताल परिसरों में अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता, उनकी कार्यशील स्थिति, आपातकालीन निकास द्वार, विद्युत सुरक्षा व्यवस्था तथा आग लगने की स्थिति में बचाव संबंधी तैयारियों का भी जायजा लिया गया।
अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी तेजन राम ने बताया कि हाल के दिनों में विभिन्न स्थानों पर अग्निकांड की घटनाओं में वृद्धि देखी गई है। ऐसे में अस्पतालों और नर्सिंग होमों जैसे संवेदनशील संस्थानों में सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यह अभियान एहतियाती कदम के रूप में चलाया जा रहा है ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना से पहले आवश्यक कमियों को दूर किया जा सके।
उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिया कि फायर सेफ्टी उपकरणों का नियमित रखरखाव करें तथा कर्मचारियों को आपदा की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया देने के लिए प्रशिक्षित रखें। जहां भी आवश्यक सुधार की आवश्यकता पाई जाएगी, वहां संबंधित संस्थानों को निर्देश जारी किए जाएंगे।
प्रशासन के इस कदम को क्षेत्र के लोगों ने सराहा है। लोगों का मानना है कि अस्पतालों में फायर सेफ्टी व्यवस्था की नियमित जांच से मरीजों और उनके परिजनों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी तथा किसी भी आपात स्थिति में नुकसान को कम किया जा सकेगा।
