सीयूएसबी के छात्र अनसाद यासीन को अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में सर्वश्रेष्ठ शोधपत्र पुरस्कार
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 26 सितंबर 2026
गयाजी: दक्षिण बिहार केन्द्रीय विश्वविद्यालय (सीयूएसबी) के मनोवैज्ञानिक विज्ञान विभाग के स्नातकोत्तर छात्र अनसाद यासीन के. ने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (भारतीय खनन विद्यालय), धनबाद में आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में सर्वश्रेष्ठ शोधपत्र पुरस्कार हासिल किया। यह सम्मेलन ‘सतत विकास, नवाचार एवं व्यवसाय में प्रगति’ विषय पर आयोजित किया गया था। सम्मेलन में प्रस्तुत 87 शोधपत्रों में अनसाद यासीन के शोधपत्र का सर्वश्रेष्ठ शोधपत्र के लिए चयन किया गया।
युवाओं में ग्रीन स्टार्ट-अप की संभावनाओं पर शोध
अनसाद यासीन को यह पुरस्कार उनके शोधपत्र ‘Predictors for Advancing Sustainable Entrepreneurship: Role of Pro-Environmental Behavior, Personality Traits and Green Entrepreneurial Orientation in Driving Green Start-up Intentions Among Youth’ के लिए दिया गया।
शोध में मनोविज्ञान, उद्यमिता और पर्यावरणीय स्थिरता के बीच उभरते संबंधों का अध्ययन किया गया है। इसमें यह समझने का प्रयास किया गया कि व्यक्ति के व्यक्तित्वगत गुण और पर्यावरण-केंद्रित व्यवहार युवाओं में ऐसे व्यवसाय शुरू करने की इच्छा को किस तरह प्रभावित करते हैं, जिनमें उद्यमिता के साथ सतत विकास को भी प्राथमिकता दी जाती है।
अंतरविषयक अनुसंधान को मिली पहचान
यह शोध मनोवैज्ञानिक विज्ञान विभाग के प्रो. धर्मेंद्र कुमार सिंह और प्रो. चेतना जायसवाल के मार्गदर्शन में किया गया। शोध की विषयवस्तु मनोविज्ञान, उद्यमिता और पर्यावरणीय स्थिरता जैसे अलग-अलग क्षेत्रों को जोड़ती है, जिससे इसे अंतरविषयक अनुसंधान के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।
सीयूएसबी में खुशी का माहौल
अनसाद यासीन की उपलब्धि पर सीयूएसबी के कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह, कुलसचिव प्रो. नरेंद्र कुमार राणा, मनोवैज्ञानिक विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. मंगल सिंह कुमार सहित विभाग के शिक्षकों और सहपाठियों ने उन्हें बधाई दी। विश्वविद्यालय ने इस उपलब्धि को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मनोवैज्ञानिक विज्ञान विभाग की शैक्षणिक और अनुसंधान गतिविधियों की पहचान से जोड़कर देखा है।
