94 लाख से अधिक पेंशनधारियों के खातों में 1100 करोड़ रुपये हस्तांतरित
आर्यावर्त वाणी | पटना | 10 जून 2026,
पटना। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को नई दिल्ली स्थित बिहार भवन से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समाज कल्याण विभाग द्वारा आयोजित डीबीटी कार्यक्रम में राज्य के 94 लाख से अधिक सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के खातों में 1100 रुपये प्रति माह की दर से लगभग 1100 करोड़ रुपये की राशि हस्तांतरित की।
प्रधानमंत्री के ऐतिहासिक कार्यकाल के अवसर पर राशि हस्तांतरण
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत के माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सबसे लंबा कार्यकाल पूरा करने के शुभ अवसर पर यह राशि लाभार्थियों के खातों में भेजी गई है। उन्होंने इसे राज्य सरकार की जनकल्याणकारी प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया।
हर माह की 10 तारीख को मिलेगी पेंशन
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के अंतर्गत अब प्रत्येक माह की 10 तारीख को लाभार्थियों के बैंक खातों में पेंशन की राशि नियमित रूप से अंतरित की जाएगी, जिससे पेंशनधारियों को समय पर आर्थिक सहायता प्राप्त हो सके।
पात्र लोग जल्द करें आवेदन
मुख्यमंत्री ने कहा कि 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के ऐसे पात्र व्यक्ति, जो अभी तक सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के लाभ से वंचित हैं, वे जल्द आवेदन करें। उन्होंने यह भी अपील की कि जिन लाभार्थियों की पेंशन आधार लिंक नहीं होने के कारण बाधित है, वे शीघ्र अपने बैंक खाते को आधार से लिंक कराएं।
गरीबों और जरूरतमंदों के लिए सरकार प्रतिबद्ध
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार सरकार गरीब, वंचित, वृद्ध, दिव्यांग एवं जरूरतमंद लोगों की सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा उन्हें सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सामाजिक सुरक्षा योजनाएं समाज के कमजोर वर्गों के लिए आर्थिक संबल का कार्य कर रही हैं और सरकार इनके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए लगातार प्रयासरत है।
