बेलागंज में रिश्वत लेते चौकीदार गिरफ्तार, निगरानी विभाग की बड़ी कार्रवाई

0
Screenshot_2026_0610_144207.jpg
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 10 जून 2026,

गयाजी: जिले के बेलागंज थाना क्षेत्र में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो (विजिलेंस) की टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक चौकीदार को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मनीष कुमार के रूप में हुई है, जो बेलागंज थाना में चौकीदार के पद पर कार्यरत है।

केस डायरी और पैरवी के नाम पर मांगी जा रही थी रिश्वत

प्राप्त जानकारी के अनुसार मामला वर्ष 2023 के बेलागंज थाना कांड संख्या-689/23 से जुड़ा है। आरोप है कि चौकीदार मनीष कुमार मामले में सहायता करने तथा पैरवी के नाम पर शिकायतकर्ता से रुपये की मांग कर रहा था। शिकायतकर्ता रिश्वत देने के पक्ष में नहीं था, इसलिए उसने इसकी शिकायत निगरानी विभाग से की।

सत्यापन में सही पाया गया आरोप

शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने मामले का गोपनीय सत्यापन कराया। जांच के दौरान रिश्वत मांगने के आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। इसके बाद डीएसपी स्तर के अधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष धावादल (ट्रैप टीम) का गठन किया गया।

अस्पताल परिसर में बिछाया गया जाल

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

पूर्व निर्धारित योजना के तहत शिकायतकर्ता बुधवार को बेलागंज थाना के समीप स्थित अस्पताल परिसर में चौकीदार को ₹9,000 देने पहुंचा। जैसे ही आरोपी ने राशि प्राप्त की, पहले से मौजूद निगरानी टीम ने उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद मचा हड़कंप

दिनदहाड़े हुई इस कार्रवाई के बाद बेलागंज थाना परिसर और आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और मामले की चर्चा पूरे इलाके में होने लगी।

पटना ले जाकर होगी पूछताछ

गिरफ्तारी के बाद निगरानी विभाग की टीम आरोपी चौकीदार को अपने साथ पटना मुख्यालय लेकर रवाना हो गई। वहां उससे पूछताछ के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और भ्रष्टाचार के इस प्रकरण से जुड़ी अन्य कड़ियों की भी जांच की जा रही है।

भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस की नीति

निगरानी विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार के मामलों में सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई जारी रहेगी। किसी भी सरकारी कर्मचारी द्वारा रिश्वत मांगने या लेने की शिकायत मिलने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page