शेरघाटी के सूर्यकांत का यूपीएससी में चयन, कॉरपोरेट कार्य मंत्रालय में बनेंगे कंपनी अभियोजक
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 28 नवम्बर 2026
गयाजी। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की प्रतिष्ठित भर्ती प्रक्रिया में सफलता हासिल कर गयाजी जिले के शेरघाटी निवासी सूर्यकांत ने जिले और दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयूएसबी) का नाम रोशन किया है। उनका चयन भारत सरकार के कॉरपोरेट कार्य मंत्रालय में कंपनी अभियोजक (कंपनी प्रॉसिक्यूटर) के पद पर नियुक्ति के लिए किया गया है।
यूपीएससी की ओर से विज्ञापन संख्या 07/2025 के तहत कंपनी अभियोजक के कुल 25 पदों पर भर्ती के लिए आयोजित लिखित परीक्षा और साक्षात्कार के आधार पर सूर्यकांत सहित 25 अभ्यर्थियों की नियुक्ति के लिए अनुशंसा की गई है।
सूर्यकांत सीयूएसबी के स्कूल ऑफ लॉ एंड गवर्नेंस (एसएलजी) के पूर्व छात्र हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा मानव भारती नेशनल स्कूल, गयाजी से प्राप्त की। इसके बाद सीयूएसबी से विधि स्नातक और कला स्नातक (ऑनर्स) की उपाधि हासिल की।
कुलपति ने बताया विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत
सूर्यकांत की सफलता पर सीयूएसबी के कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह, कुलसचिव प्रो. नरेंद्र कुमार राणा, विधि एवं शासन अध्ययन विद्यापीठ के अधिष्ठाता एवं विभागाध्यक्ष प्रो. अशोक कुमार सहित विभाग के सभी संकाय सदस्यों ने उन्हें बधाई दी।
कुलपति प्रो. सिंह ने कहा कि सूर्यकांत की उपलब्धि विश्वविद्यालय की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और शैक्षणिक वातावरण का परिचायक है। यह विश्वविद्यालय के वर्तमान विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि दृढ़ संकल्प, निरंतर परिश्रम, समर्पण और उचित मार्गदर्शन से राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल की जा सकती है।
वहीं, प्रो. अशोक कुमार ने विश्वास जताया कि सूर्यकांत अपनी विधिक दक्षता, ज्ञान और कर्तव्यनिष्ठा के माध्यम से देश की न्यायिक एवं निगमीय प्रशासन व्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
शिक्षकों और परिवार को दिया सफलता का श्रेय
अपनी सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सूर्यकांत ने इसका श्रेय अपने शिक्षकों, माता-पिता और परिवार के सदस्यों को दिया। उन्होंने शैक्षणिक जीवन में मिले मार्गदर्शन और सहयोग के प्रति आभार जताया।
इस अवसर पर प्रो. संजय प्रकाश श्रीवास्तव, प्रो. पवन कुमार मिश्रा, प्रो. प्रदीप कुमार दास, प्रो. सुरेंद्र कुमार, डॉ. देव नारायण सिंह, डॉ. पूनम कुमारी, डॉ. पल्लवी सिंह, डॉ. अनंत प्रकाश नारायण, श्री मणि प्रताप, डॉ. नेहा शुक्ला और डॉ. निहारिका सिंह सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
