महिला बैडमिंटन में मगध विश्वविद्यालय की जीत, मणिपुर की टीम को एकल और युगल मुकाबले में हराया
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 24 नवम्बर 2026,
गयाजी। अंतर-पूर्वी क्षेत्रीय अंतर विश्वविद्यालय महिला बैडमिंटन प्रतियोगिता में मगध विश्वविद्यालय, बोधगया की महिला टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नेशनल यूनिवर्सिटी, मणिपुर के विरुद्ध एकल और युगल दोनों मुकाबलों में जीत दर्ज की। इस उपलब्धि से विश्वविद्यालय और गया कॉलेज का गौरव बढ़ा है।
महिला एकल मुकाबले में गया कॉलेज की सिद्धि गुप्ता ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए प्रतिद्वंद्वी खिलाड़ी को 15-13 से पराजित किया। वहीं, महिला युगल मुकाबले में सिद्धि गुप्ता और खुशी कुमारी की जोड़ी ने शानदार तालमेल और खेल कौशल दिखाते हुए 15-10 से जीत हासिल की।
मगध विश्वविद्यालय की टीम में शामिल सिद्धि गुप्ता, खुशी कुमारी और वैभवी तीनों गया कॉलेज, गया की छात्राएं हैं। अंतर-महाविद्यालय महिला बैडमिंटन प्रतियोगिता के आयोजन की जिम्मेदारी गया कॉलेज को सौंपी गई थी। इसी प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के प्रदर्शन और चयन के आधार पर तीनों छात्राओं को मगध विश्वविद्यालय की टीम में शामिल किया गया। इसके बाद टीम अंतर-पूर्वी क्षेत्रीय अंतर विश्वविद्यालय प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए द असम रॉयल यूनिवर्सिटी, असम पहुंची।
खिलाड़ियों को मिली बधाई
इस उपलब्धि पर गया कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सतीश सिंह चंद्र, डॉ. विभा सिंह, मगध विश्वविद्यालय के छात्र कल्याण अध्यक्ष प्रो. प्रमोद कुमार चौधरी, खेल प्रभारी डॉ. सुदर्शन राय, एथलेटिक्स सोसायटी अध्यक्ष डॉ. आनंद कुमार और बर्सर डॉ. मार्कंडेय पांडेय ने खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने आगामी मुकाबलों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने और सफलता हासिल करने की शुभकामनाएं दीं। टीम के साथ पीटीआई अंजनी कुमार टीम मैनेजर एवं प्रशिक्षक के रूप में मौजूद हैं।
