सीयूएसबी में भारत बौद्धिक राष्ट्रीय परीक्षा 2.0 का आयोजन, 866 विद्यार्थियों ने कराया पंजीकरण

0
IMG-20261123-WA0013
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 23 नवम्बर 2026,


गयाजी। दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयूएसबी) में विद्या भारती उच्च शिक्षा संस्थान की ओर से भारत बौद्धिक राष्ट्रीय परीक्षा 2026 (बीबीआईकेएसएनई 2.0) का आयोजन किया गया। विश्वविद्यालय में इस परीक्षा के लिए कुल 866 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया। कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह के नेतृत्व में परीक्षा शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं अनुशासित वातावरण में संपन्न हुई।

परीक्षा के सफल संचालन में कुलसचिव प्रो. नरेंद्र कुमार राणा, छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. पवन कुमार मिश्रा तथा सलाहकार समिति के सदस्यों का मार्गदर्शन मिला। विद्या भारती उच्च शिक्षा संस्थान के केंद्रीय कार्यालय के पदाधिकारियों, बिहार एवं झारखंड के क्षेत्रीय समन्वयक प्रो. रमन कुमार त्रिवेदी तथा विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के 50 से अधिक शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने परीक्षा संचालन और मूल्यांकन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

भारतीय ज्ञान परंपरा और जीवन मूल्यों पर आधारित परीक्षा

कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह ने कहा कि भारत बौद्धिक राष्ट्रीय परीक्षा विद्यार्थियों के विषयगत ज्ञान के आकलन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह उनकी तार्किक क्षमता, मूल्यबोध, चिंतनशीलता और समावेशी दृष्टिकोण के विकास का भी माध्यम है। परीक्षा का स्वरूप भारतीय ज्ञान परंपरा के शाश्वत आदर्शों एवं जीवन मूल्यों पर आधारित है। इसमें ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’, ‘सर्वे भवन्तु सुखिनः’ और ‘सर्वे सन्तु निरामयाः’ जैसे सिद्धांतों के माध्यम से मानवता के कल्याण का संदेश दिया गया है।

उन्होंने इसे भारतीय ज्ञान परंपरा को आध्यात्मिकता, नैतिकता और समकालीन ज्ञान-विज्ञान से जोड़ने की दिशा में एक सराहनीय पहल बताया।

विद्यार्थियों के लिए अभिविन्यास कार्यक्रम और मॉक ड्रिल

परीक्षा के नोडल अधिकारी एवं समन्वयकों ने बताया कि विश्वविद्यालय के विभिन्न स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के पंजीकृत विद्यार्थियों को परीक्षा के स्वरूप, पाठ्यवस्तु और प्रश्नों की प्रकृति से परिचित कराने के लिए विशेष अभिविन्यास एवं मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसके अलावा परीक्षा प्रक्रिया की जानकारी देने और विद्यार्थियों का आत्मविश्वास बढ़ाने के उद्देश्य से मॉक ड्रिल भी कराई गई।

राष्ट्रीय स्तर पर एक लाख रुपये तक का पुरस्कार

परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों के लिए आकर्षक पुरस्कारों की व्यवस्था की गई है। राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले एक प्रतिभागी को एक लाख रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले दो प्रतिभागियों को 50-50 हजार रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले चार प्रतिभागियों को 25-25 हजार रुपये दिए जाएंगे।

इसके अतिरिक्त, प्रत्येक राज्य एवं केंद्रशासित प्रदेश से शीर्ष स्थान प्राप्त करने वाले 36 प्रतिभागियों को पांच-पांच हजार रुपये तथा संस्थागत स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 500 विद्यार्थियों को 2,500-2,500 रुपये सांत्वना पुरस्कार के रूप में दिए जाएंगे। विद्यार्थियों की उत्कृष्ट सहभागिता सुनिश्चित करने में विशेष योगदान देने वाले 10 संस्थागत प्रमुखों को 25-25 हजार रुपये से सम्मानित किया जाएगा। वहीं, सर्वाधिक विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करने वाले विद्यालयों एवं महाविद्यालयों को प्रशस्ति शील्ड प्रदान की जाएगी।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page