महिलाओं के अधिकारों पर सीयूएसबी ने चलाया जागरूकता अभियान, स्कूली बच्चों को बताए कानूनी प्रावधान
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 22 नवम्बर 2026,
गयाजी। दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयूएसबी) के स्कूल ऑफ लॉ एंड गवर्नेंस के अंतर्गत संचालित लीगल एड क्लिनिक की ओर से फतेहपुर प्रखंड के मध्य विद्यालय, टेपा में महिला अधिकारों एवं कानूनी जागरूकता को लेकर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और स्थानीय समुदाय को सामाजिक कुरीतियों, संवैधानिक मूल्यों तथा महिलाओं के कानूनी अधिकारों की जानकारी दी गई।
यह कार्यक्रम सर्वोच्च न्यायालय, राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा), बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार (बालसा), पटना तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए), गयाजी के निर्देशानुसार आयोजित किया गया।
दहेज प्रथा और लैंगिक भेदभाव के खिलाफ किया जागरूक
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को बताया गया कि दहेज लेना और देना दोनों कानूनन दंडनीय अपराध हैं। दहेज प्रतिषेध अधिनियम, 1961 के प्रमुख प्रावधानों और दंड की जानकारी देते हुए दहेज प्रथा को समाज एवं परिवार के विकास में बाधक बताया गया।
लैंगिक समानता पर चर्चा करते हुए बच्चों को समझाया गया कि लड़के और लड़कियां समान अधिकार रखते हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल और जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में दोनों को समान अवसर मिलना चाहिए। परिवार और समाज में लैंगिक भेदभाव समाप्त करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया।
संविधान और महिलाओं के कानूनी अधिकारों की दी जानकारी
विद्यार्थियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के मूल सिद्धांतों से परिचित कराया गया। इसके साथ ही समानता के अधिकार, भेदभाव के निषेध और नागरिकों के मौलिक कर्तव्यों के बारे में भी जानकारी दी गई।
महिलाओं की गरिमा, सुरक्षा, शिक्षा के अधिकार तथा घरेलू हिंसा और उत्पीड़न से संरक्षण के लिए उपलब्ध कानूनी प्रावधानों पर विशेष चर्चा हुई। छात्र-छात्राओं को जरूरतमंद लोगों के लिए उपलब्ध निःशुल्क विधिक सहायता की प्रक्रिया भी समझाई गई।
महिला हेल्पलाइन 181 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की दी जानकारी
कार्यक्रम में बच्चों को आपातकालीन सहायता के लिए 112, महिला हेल्पलाइन 181 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ ही जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए) के माध्यम से मिलने वाली निःशुल्क कानूनी सहायता की जानकारी दी गई, ताकि जरूरत पड़ने पर पीड़ित और जरूरतमंद लोग कानूनी मदद प्राप्त कर सकें।
कुलपति के संरक्षण में आयोजित हुआ कार्यक्रम
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह के संरक्षण तथा स्कूल ऑफ लॉ एंड गवर्नेंस के डीन एवं अध्यक्ष प्रो. अशोक कुमार के निर्देशन में कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की गई। लीगल एड क्लिनिक के फैकल्टी कोऑर्डिनेटर प्रो. सुरेंद्र कुमार के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में छात्र सदस्यों ने विद्यालय में संवादात्मक सत्रों का संचालन किया।
विश्वविद्यालय के जनसंपर्क पदाधिकारी मोहम्मद मुदस्सीर आलम ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों और स्थानीय समुदाय को उनके संवैधानिक एवं कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ समझ विकसित करना था।
कार्यक्रम के संचालन में लीगल एड क्लिनिक की मेंटर रिफत, तनीषा और पुष्पित, कोऑर्डिनेटर छवि और अनुज तथा विनीता, अहमद, बाबुल, ऋतुपर्णा, आर्या, हिमांशु, साक्षी मित्तल, आस्था, धातरी सिंह और समृद्धि शैलेश सिंह सहित अन्य छात्र सदस्यों ने भाग लिया।
