उच्च शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने की पहल: गया कॉलेज और सिन्हा कॉलेज में छह दिवसीय फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम संपन्न
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 12 नवम्बर 2026,
गयाजी। बिहार में उच्च शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने और शिक्षकों की व्यावसायिक दक्षता विकसित करने के उद्देश्य से दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयूएसबी), बिहार लोक भवन के कुलाधिपति कार्यालय, उच्च शिक्षा विभाग और मगध विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में क्षमता संवर्धन कार्यक्रम (कैपेसिटी बिल्डिंग प्रोग्राम) आयोजित किए जा रहे हैं। इसी पहल के तहत मगध विश्वविद्यालय के गया कॉलेज, गया तथा सच्चिदानंद सिन्हा महाविद्यालय, औरंगाबाद में छह दिवसीय आवासीय फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम (एफडीपी) का सफल आयोजन एवं समापन किया गया।
यह पहल बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन के मार्गदर्शन में शुरू की गई है। इसका मुख्य उद्देश्य उच्च शिक्षण संस्थानों में कार्यरत शिक्षकों को आधुनिक शैक्षणिक आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षित करना और शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया को अधिक प्रभावी एवं नवाचारपरक बनाना है।
शिक्षकों को आधुनिक शिक्षण पद्धतियों से जोड़ने की पहल
इस शैक्षणिक कार्यक्रम का नेतृत्व राज्यपाल के संकाय उत्कृष्टता एवं शैक्षणिक विकास सलाहकार प्रो. बिनोद कुमार त्रिपाठी, सीयूएसबी के कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह तथा मगध विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. दिलीप कुमार केसरी के मार्गदर्शन में किया जा रहा है।
सीयूएसबी के कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह ने कहा कि फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम के माध्यम से राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर के प्रतिष्ठित शिक्षाविदों, विषय विशेषज्ञों और अनुभवी शिक्षकों का मार्गदर्शन प्रतिभागियों को मिल रहा है। इससे शिक्षक समकालीन शैक्षणिक चुनौतियों, नई शिक्षण पद्धतियों और प्रभावी शिक्षण-अधिगम प्रक्रियाओं से परिचित हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम शिक्षकों की व्यावसायिक दक्षता बढ़ाने के साथ शिक्षण व्यवस्था में नवाचार को प्रोत्साहित करते हैं। इससे उच्च शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार होगा।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के क्रियान्वयन पर जोर
प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह ने विश्वास जताया कि इस प्रकार की शैक्षणिक पहल राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के उद्देश्यों को धरातल पर लागू करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। साथ ही गुणवत्तापूर्ण, समावेशी और नवाचार आधारित उच्च शिक्षा व्यवस्था के निर्माण में मदद मिलेगी। उन्होंने इसे विकसित भारत@2047 के राष्ट्रीय संकल्प की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम बताया।
गया कॉलेज और सिन्हा कॉलेज में कार्यक्रम संपन्न
सीयूएसबी के यूजीसी-मालवीय मिशन शिक्षक प्रशिक्षण केंद्र (एमएमटीटीसी) के निदेशक प्रो. तरुण कुमार त्यागी ने बताया कि इस पहल के अंतर्गत सबसे पहले मगध विश्वविद्यालय में छह दिवसीय आवासीय एफडीपी का शुभारंभ किया गया था। इसके बाद गया कॉलेज, गया और सच्चिदानंद सिन्हा महाविद्यालय, औरंगाबाद में अलग-अलग छह दिवसीय आवासीय कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनका सफलतापूर्वक समापन हुआ।
इन कार्यक्रमों का आयोजन मगध विश्वविद्यालय के नोडल अधिकारी प्रो. अंजनी कुमार घोष तथा सीयूएसबी के नोडल अधिकारी डॉ. दिव्या मिश्रा के समन्वित प्रयासों से किया गया।
कार्यक्रमों के माध्यम से शिक्षकों को अपने विषयगत ज्ञान, कौशल और शिक्षण दक्षताओं को वर्तमान समय की जरूरतों के अनुरूप विकसित करने का अवसर मिला। इस पहल से बिहार के उच्च शिक्षण संस्थानों में शैक्षणिक गुणवत्ता, नवाचार और शिक्षक प्रशिक्षण को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
