सीयूएसबी में पितृपक्ष मेले पर डॉक्यूमेंट्री स्क्रीनिंग का आयोजन, 36 विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा; विजेताओं को किया गया सम्मानित
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 11 नवम्बर 2026,
गयाजी: गयाजी की धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहचान को नई पीढ़ी के नजरिए से सामने लाने के उद्देश्य से दक्षिण बिहार केन्द्रीय विश्वविद्यालय (सीयूएसबी) में पितृपक्ष मेले पर आधारित डॉक्यूमेंट्री स्क्रीनिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विषय ‘पितृपक्ष मेला: जहां परंपरा मिलती है नवाचार से’ रखा गया। इसमें विद्यार्थियों ने डॉक्यूमेंट्री फिल्मों के माध्यम से गयाजी के पितृपक्ष मेले से जुड़ी परंपराओं, धार्मिक मान्यताओं, सामाजिक पहलुओं और सांस्कृतिक विरासत को प्रस्तुत किया।
12 डॉक्यूमेंट्री फिल्मों की हुई स्क्रीनिंग
विश्वविद्यालय के इंस्टीट्यूशन इनोवेशन काउंसिल (आईआईसी) की सोशल मीडिया कमेटी की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई कुल 12 डॉक्यूमेंट्री फिल्मों की स्क्रीनिंग की गई। इस पहल का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों की रचनात्मकता और तकनीकी दक्षता को प्रोत्साहित करने के साथ उन्हें फिल्म निर्माण की व्यावहारिक प्रक्रिया से जोड़ना था। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को गयाजी के विश्वप्रसिद्ध पितृपक्ष मेले की परंपराओं और विरासत को आधुनिक संचार माध्यमों के जरिए प्रस्तुत करने का अवसर मिला।
डॉक्यूमेंट्री समाज और संस्कृति को समझने का प्रभावी माध्यम : प्रो. वेंकटेश सिंह
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आईआईसी अध्यक्ष प्रो. वेंकटेश सिंह ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई सभी 12 डॉक्यूमेंट्री पर अपने विचार रखे। उन्होंने फिल्मों की विषय-वस्तु को भावनात्मक और प्रभावशाली बताते हुए विद्यार्थियों की मेहनत एवं रचनात्मकता की सराहना की।
उन्होंने कहा कि डॉक्यूमेंट्री केवल किसी विषय को दृश्य रूप में प्रस्तुत करने का माध्यम नहीं है, बल्कि इसके जरिए समाज, संस्कृति और परंपराओं को गहराई से समझने का अवसर भी मिलता है। उन्होंने पितृपक्ष से जुड़ी मान्यताओं और परंपराओं के संदर्भ में परिष्कार एवं सुधार की अवधारणा को भी रेखांकित किया। साथ ही उन्होंने व्यक्तिगत सफलता में स्वयं के प्रयासों के साथ-साथ दूसरों के योगदान को स्वीकार करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
आयुषी कुमारी को प्रथम पुरस्कार
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने एकल और समूह दोनों श्रेणियों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। निर्णायक मंडल द्वारा मूल्यांकन के बाद विजेताओं के नाम घोषित किए गए।
प्रतियोगिता के परिणाम इस प्रकार रहे—
* प्रथम पुरस्कार: आयुषी कुमारी।
* द्वितीय पुरस्कार (समूह श्रेणी): श्रेया सिंह, आदित्य कुमार सिंह, अंशु कुमार, प्रीति और रुद्र कुमार।
* तृतीय पुरस्कार: रोहित रौशन और गौरव रंजन।
सभी विजेताओं को उनकी रचनात्मकता, प्रयासों और उत्कृष्ट प्रस्तुतियों के लिए सम्मानित किया गया।
36 विद्यार्थियों ने लिया प्रतियोगिता में हिस्सा
आईआईसी सोशल मीडिया कमेटी के फैकल्टी कोऑर्डिनेटर डॉ. अनुज कुमार सिंह ने बताया कि डॉक्यूमेंट्री निर्माण की इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को फिल्म निर्माण की प्रक्रिया से परिचित कराना और आधुनिक तकनीकों के रचनात्मक उपयोग के लिए प्रेरित करना था। प्रतियोगिता में एकल एवं समूह श्रेणियों को मिलाकर कुल 36 विद्यार्थियों ने भाग लिया।
प्रतियोगिता के निष्पक्ष मूल्यांकन के लिए तीन सदस्यीय जूरी कमेटी गठित की गई थी। इसमें जनसंचार एवं मीडिया विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. शोभित सुमन, मनोवैज्ञानिक विज्ञान विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. सुदर्शन बेहरा तथा ऐतिहासिक अध्ययन एवं पुरातत्व विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. आनंद गुप्ता शामिल थे।
आईडिया इन्नोवेशन हैकाथॉन 1.0 के परिणाम भी घोषित
कार्यक्रम के दौरान आईडिया इन्नोवेशन हैकाथॉन 1.0 के परिणामों की भी घोषणा की गई। कार्यक्रम के अंत में सोशल मीडिया कमेटी के स्टूडेंट कोऑर्डिनेटर आनंद कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।
पितृपक्ष मेले की विरासत को डिजिटल मंच देने की पहल
गयाजी का पितृपक्ष मेला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि शहर की सांस्कृतिक पहचान, ऐतिहासिक विरासत और सामाजिक परंपराओं का भी महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसे आयोजन में विद्यार्थियों को डॉक्यूमेंट्री निर्माण से जोड़ना एक सराहनीय पहल है। इससे स्थानीय विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के साथ-साथ डिजिटल माध्यमों पर गया की पहचान को व्यापक स्तर पर प्रस्तुत करने का अवसर भी मिलता है।
