दिवाली की आतिशबाजी बनी आफत, गयाजी में कपड़े की 45 साल पुरानी दुकान समेत कई जगह लगी आग

0
Screenshot_2026_1110_125046
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 09 नवम्बर 2026,


गयाजी। दीपावली पर आतिशबाजी के बीच पटाखों की चिंगारी से गयाजी शहर और आसपास के इलाकों में आग लगने की कई घटनाएं सामने आईं। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई इन घटनाओं से अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, अग्निशमन विभाग की तत्परता से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ी दुर्घटनाएं टल गईं। सबसे अधिक नुकसान डेल्हा बस स्टैंड के पास स्थित कपड़े की एक दुकान में हुआ, जहां आग से दुकान में रखा सामान जलकर राख हो गया।

45 साल पुरानी कपड़े की दुकान जलकर राख

जानकारी के अनुसार, डेल्हा थाना क्षेत्र के डेल्हा बस स्टैंड के समीप रविवार देर रात एक कपड़े की दुकान में आग लग गई। दुकानदार सुरेंद्र कुमार ने बताया कि रात करीब दो बजे उन्हें फोन पर दुकान में आग लगने की सूचना मिली। जब वे मौके पर पहुंचे तो दुकान से आग की तेज लपटें निकल रही थीं। इसके बाद अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई। दमकल कर्मियों ने पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

दुकानदार के अनुसार, उनकी दुकान करीब 45 वर्षों से संचालित थी और परिवार की आजीविका इसी पर निर्भर थी। आग में कपड़े और अन्य सामान जलकर राख हो गए। घटना के बाद परिवार सदमे में है। अग्निशमन विभाग के अनुसार, दुकान में आग पटाखे की चिंगारी से लगी थी।

पीपल के पेड़, कचरे और गुमटी में भी लगी आग

शहर के अन्य इलाकों में भी आग लगने की घटनाएं हुईं। रामपुर थाना क्षेत्र के एपी कॉलोनी में बेलागंज विधायक मनोरमा देवी के आवास के समीप एक पीपल के पेड़ में आग लग गई। वहीं, कोतवाली थाना क्षेत्र के बाटा मोड़ के पास सड़क किनारे जमा कचरे में आग लग गई। इसके अलावा रामपुर थाना क्षेत्र के पुलिस लाइन परिसर में संचालित एक गुमटी भी आग की चपेट में आ गई।

इन सभी घटनाओं में अग्निशमन विभाग की टीम ने समय रहते कार्रवाई करते हुए आग पर नियंत्रण पाया।

आतिशबाजी के दौरान सावधानी बरतने की जरूरत

दीपावली के दौरान हुई इन घटनाओं ने एक बार फिर पटाखों से होने वाले अग्निकांड के खतरे को उजागर किया है। खासकर घनी आबादी वाले इलाकों, दुकानों, पेड़-पौधों और बिजली के तारों के आसपास आतिशबाजी करना नुकसानदेह साबित हो सकता है। थोड़ी सी लापरवाही न केवल संपत्ति को नुकसान पहुंचा सकती है, बल्कि लोगों की जान भी जोखिम में डाल सकती है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page