उपभोक्ता अधिकारों की सुरक्षा और न्याय व्यवस्था को मजबूत बनाने पर सीयूएसबी में राष्ट्रीय संगोष्ठी आयोजित

0
IMG-20261110-WA0001
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 09 नवम्बर 2026,


गयाजी। दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयूएसबी) के स्कूल ऑफ लॉ एंड गवर्नेंस के प्रो बोनो क्लब की ओर से उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम, 2019 के प्रभावी कार्यान्वयन और भविष्य की दिशा को लेकर राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी में देश के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों से जुड़े विधि विशेषज्ञों ने उपभोक्ता अधिकारों की सुरक्षा, न्याय मिलने में आने वाली चुनौतियों और मौजूदा व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के उपायों पर अपने विचार रखे।

कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह के संरक्षण में आयोजित इस कार्यक्रम का संयोजन प्रो बोनो क्लब के नोडल अधिकारी एवं सहायक प्राध्यापक डॉ. देव नारायण सिंह ने किया। कार्यक्रम का उद्देश्य उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम, 2019 के जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन की स्थिति की समीक्षा करना और उपभोक्ताओं को त्वरित एवं प्रभावी न्याय दिलाने के रास्तों पर चर्चा करना था।

कार्यक्रम की शुरुआत के बाद स्कूल ऑफ लॉ एंड गवर्नेंस के अध्यक्ष एवं अधिष्ठाता प्रो. अशोक कुमार ने स्वागत भाषण दिया। वहीं, डॉ. देव नारायण सिंह ने संगोष्ठी की रूपरेखा और उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उपभोक्ता अधिवक्ता समूह के संस्थापक एवं महासचिव पीवीवीएस मूर्ति ने भी कार्यक्रम की महत्ता बताते हुए अतिथियों का स्वागत किया।

भ्रामक विज्ञापनों और अनुचित व्यापार प्रथाओं पर हुई चर्चा

संगोष्ठी के प्रथम तकनीकी सत्र में राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय एवं न्यायिक अकादमी, असम के कुलपति प्रो. (डॉ.) के. वी. एस. शर्मा ने केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण (सीसीपीए) की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि अनुचित व्यापार प्रथाओं और भ्रामक विज्ञापनों से उपभोक्ताओं को बचाने में नियामक संस्थाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। इस दौरान उन्होंने इन संस्थाओं की कार्यप्रणाली और उनके सामने आने वाली चुनौतियों को भी समझाया।

उपभोक्ताओं को न्याय दिलाने की चुनौतियों पर मंथन

द्वितीय तकनीकी सत्र में कश्मीर केंद्रीय विश्वविद्यालय के सहायक प्राध्यापक एवं छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. जहीरुल इस्लाम ने उपभोक्ता न्याय व्यवस्था में मौजूद कमियों पर अपने विचार रखे। उन्होंने उपभोक्ताओं को प्रभावी न्याय उपलब्ध कराने में आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों और वर्तमान व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

दोनों तकनीकी सत्रों के बाद प्रश्नोत्तर कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों एवं अन्य प्रतिभागियों ने विशेषज्ञों से विभिन्न सवाल पूछे। वक्ताओं ने उनके सवालों का जवाब देते हुए उपभोक्ता संरक्षण कानून से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।

विद्यार्थियों की रही सक्रिय भागीदारी

विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी मोहम्मद मुदस्सिर आलम ने बताया कि कार्यक्रम का संचालन प्रो बोनो क्लब की छात्राओं हर्षिता वर्मा एवं प्रज्ञा राज सोनी ने किया। संगोष्ठी के सफल आयोजन में क्लब के छात्र सदस्यों किसलय पांडेय, ममतेश कुमार, कल्याणी, कार्तिक कुमार, प्रियांशु मंडल, तेज प्रकाश, आराध्या कुमारी, आयुष कुमार, शशांक शेखर, वरदा प्रसाद, आशीष महतो सहित अन्य सदस्यों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।

कार्यक्रम के अंत में डॉ. देव नारायण सिंह ने सभी अतिथियों, प्रो. प्रदीप कुमार दास, डॉ. अनुजा मिश्रा, डॉ. चंदना सुबा, संकाय के शिक्षकों और प्रतिभागी विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page