सीयूएसबी के मैत्रेयी सदन गर्ल्स हॉस्टल में नवप्रवेशित छात्राओं के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 05 नवम्बर 2026,
गयाजी। दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयूएसबी) के मैत्रेयी सदन गर्ल्स हॉस्टल में नवप्रवेशित छात्राओं के स्वागत एवं मार्गदर्शन के लिए दीपोत्सव के रूप में ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह के संरक्षण और मुख्य वार्डन डॉ. तारा काशव के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को छात्रावास के नियमों, सुविधाओं और वातावरण से परिचित कराना था।
दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इस अवसर पर कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि घर से दूर रहने वाली छात्राओं के लिए हॉस्टल उनका दूसरा परिवार होता है। उन्होंने कहा कि दीपोत्सव जैसे आयोजन विश्वविद्यालय की सांस्कृतिक विरासत को सम्मान देने के साथ-साथ विभिन्न पृष्ठभूमि से आने वाली छात्राओं के बीच आपसी सहयोग, समावेशिता और एकजुटता की भावना को मजबूत करते हैं। कुलपति ने छात्राओं द्वारा बनाई गई रंगोली की सराहना की और दीपोत्सव के आयोजन के लिए सभी को शुभकामनाएं दीं।
वरिष्ठ अधिकारियों की रही उपस्थिति
विश्वविद्यालय के जनसंपर्क पदाधिकारी मोहम्मद मुदस्सीर आलम ने बताया कि कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में छात्र कल्याण अधिष्ठाता (DSW) प्रो. पवन कुमार मिश्रा, प्रॉक्टर प्रो. प्रणव कुमार, एंटी रैगिंग स्क्वॉड के नोडल अधिकारी डॉ. जावेद अहसन, छात्रावास समन्वयक प्रो. परिमाला वेणुगोपाल और प्रॉक्टोरियल बोर्ड की सदस्य डॉ. मौनी रॉय सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
छात्राओं की रचनात्मक प्रतिभा को मिला प्रोत्साहन
कार्यक्रम के आयोजन में मुख्य वार्डन डॉ. तारा काशव के साथ वार्डन डॉ. प्रीति राय, डॉ. दिव्यश्री दत्ता और प्रो. चेतना जायसवाल ने छात्राओं की रचनात्मक भागीदारी को प्रोत्साहित किया। दीपोत्सव के माध्यम से छात्राओं को आपसी मेलजोल बढ़ाने और छात्रावास में सकारात्मक एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाने का संदेश दिया गया।
