गयाजी में लूटकांड का खुलासा, प्राइवेट गाड़ी का चालक ही निकला गिरोह का साथी; 3 गिरफ्तार, 3 लाख रुपये और कार बरामद

0
IMG-20261103-WA0004
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 02 नवम्बर 2026,

गयाजी। जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में गोली मारकर लूटपाट करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से लूट की घटना में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट कार, 3 लाख रुपये नकद और 9 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि जिस प्राइवेट गाड़ी से पीड़ित औरंगाबाद लौट रहे थे, उसका चालक ही लूटकांड में शामिल गिरोह से मिला हुआ था। यह जानकारी वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार ने प्रेस वार्ता कर साझा की है।

डीएवी स्कूल के पास हुई थी गोलीबारी और लूटपाट

पुलिस के अनुसार, 31 अक्टूबर 2026 को कुछ लोग जानवर बेचकर अपने सहयोगियों के साथ प्राइवेट गाड़ी से औरंगाबाद लौट रहे थे। इसी दौरान मुफस्सिल थाना क्षेत्र में डीएवी स्कूल कईया से करीब 500 मीटर आगे लाइब्रेरी के पास एक सफेद रंग की कार ने उनकी गाड़ी का रास्ता रोक दिया।

कार से उतरे चार बदमाशों ने उनके साथ मारपीट करते हुए रुपये और मोबाइल फोन छीनने शुरू कर दिए। विरोध करने पर बदमाशों ने दो लोगों को गोली मार दी। वहीं, एक अन्य व्यक्ति की आंख में मिर्च पाउडर डालकर उसके बाएं पैर में गोली मार दी। इसके बाद सभी का रुपये और मोबाइल लूटकर आरोपी नवादा की ओर फरार हो गए। इस मामले में मुफस्सिल थाना कांड संख्या 1216/26 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।

गाड़ी का चालक ही निकला लूटकांड का राजदार

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर वजीरगंज एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम में मुफस्सिल थानाध्यक्ष, थाना के पुलिस पदाधिकारी एवं तकनीकी शाखा के कर्मियों को शामिल किया गया।

पुलिस ने तकनीकी जांच, सूचना संकलन और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच की तो प्राइवेट गाड़ी के चालक उदय कुमार की भूमिका संदिग्ध पाई गई। इसके बाद पुलिस ने शर्मा बाजार से उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और उसकी निशानदेही पर रवि कुमार एवं दिनेश कुमार को भी गिरफ्तार किया गया।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
बरामद सामान और कैश

कार से 3 लाख रुपये और मोबाइल बरामद

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में लूटकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार की और बताया कि वारदात में इस्तेमाल स्विफ्ट कार तथा लूटे गए रुपये बाराचट्टी थाना क्षेत्र के शर्मा बाजार में एक अन्य आरोपी के घर छिपाकर रखे गए हैं।

इसके बाद पुलिस ने बताए गए स्थान पर छापेमारी की। हालांकि, संबंधित आरोपी घर से फरार मिला। पुलिस ने उसके घर के पास से घटना में इस्तेमाल स्विफ्ट कार बरामद की। कार की तलाशी में लूटे गए तीन मोबाइल फोन और 3 लाख रुपये नकद मिले। इसके अलावा फरार आरोपी के घर से दो अन्य मोबाइल फोन भी बरामद किए गए।

तीन आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उदय कुमार, रवि कुमार (दोनों निवासी शर्मा बाजार) और दिनेश कुमार (निवासी धानाचक), थाना बाराचट्टी, जिला गयाजी के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। अब तक मिली जानकारी के अनुसार, रवि कुमार के खिलाफ मगध विश्वविद्यालय थाना में वर्ष 2025 में एक मामला दर्ज है। वहीं, फरार आरोपी सहित अन्य संलिप्त लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

घटना में इस्तेमाल की गई कार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page