डोभी चेकपोस्ट पर स्कोडा कार से 108 लीटर विदेशी शराब जब्त, दो पुरुष और एक महिला गिरफ्तार
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 02 नवम्बर 2026,
गयाजी। बिहार में शराबबंदी कानून के तहत चलाए जा रहे अभियान के दौरान गयाजी जिले के बाराचट्टी थाना क्षेत्र स्थित समेकित जांच चौकी डोभी पर पुलिस एवं मद्यनिषेध टीम ने कार्रवाई करते हुए एक स्कोडा कार से 108 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की है। इस मामले में दो पुरुषों और एक महिला सहित कुल तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
झारखंड के रहने वाले हैं तीनों गिरफ्तार आरोपित
विभाग के अनुसार, शराब का परिवहन स्कोडा कार (निबंधन संख्या JH-05BE-2691) से किया जा रहा था। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान रोहित राम (26 वर्ष), पिता अरुण राम, निवासी बेनी गुली चुटिया, थाना चुटिया, जिला रांची (झारखंड), रोहित कुमार पाण्डेय (25 वर्ष), पिता उपेन्द्र नाथ पाण्डेय, निवासी मंसुरिया कला, थाना गढ़वा, जिला गढ़वा (झारखंड) तथा सावित्री कुमारी (30 वर्ष), पिता स्वर्गीय रामलेदु मुंडा, निवासी पोवादिरी, थाना सोनाहातू, जिला रांची (झारखंड) के रूप में हुई है।
108 लीटर शराब और 144 बोतल जब्त
कार्रवाई के दौरान कुल 108.000 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की गई, जिसमें 144 बोतल शामिल हैं। शराब को जब्त कर तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, मामले में अनुसंधान पूरा होने के बाद आरोप पत्र समर्पित किया जाएगा। शराब की अवैध तस्करी के विरुद्ध जांच चौकी पर की गई इस कार्रवाई को मद्यनिषेध अभियान के तहत महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है।
