राष्ट्रीय मंच पर गया के 8 युवाओं को मिला प्रतिनिधित्व, केवड़िया में राष्ट्रीय एकता दिवस कार्यक्रम में होंगे शामिल
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 30 अक्टूबर 2026,
गयाजी। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर गुजरात के एकता नगर (केवड़िया) में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम में गयाजी जिले के आठ युवा स्वयंसेवक अपनी प्रतिभागिता दर्ज कराएंगे। मेरा युवा भारत (MY Bharat) के तहत जिला प्रशासन द्वारा चयनित ये युवा 30 एवं 31 अक्टूबर 2026 को आयोजित कार्यक्रम में गयाजी जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
विभिन्न प्रखंडों से आठ युवाओं का चयन
अतरी प्रखंड के स्वयंसेवक रितिक रौशन ने बताया कि जिले के अलग-अलग प्रखंडों से मेरा युवा भारत के स्वयंसेवकों एवं कार्यकर्ताओं का चयन किया गया है। चयनित प्रतिभागियों में गयाजी नगर से विशाल कुमार, अतरी से रितिक रौशन, शशि कुमार एवं प्रभात कुमार, बांकेबाजार से मनीष कुमार, वजीरगंज से दिव्यांशु कुमार, बोधगया से अमित कुमार तथा मानपुर से साहिल (संजीत कुमार) शामिल हैं।
सांस्कृतिक विविधता के साथ दिखेगी राष्ट्रीय एकता की झलक
राष्ट्रीय एकता दिवस के इस आयोजन का उद्देश्य देश की एकता, अखंडता, आपसी भाईचारे और सांस्कृतिक विविधता को प्रोत्साहित करना है। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न राज्यों की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक लोककलाओं, लोकनृत्यों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ अलग-अलग क्षेत्रों की प्रमुख झांकियों का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके माध्यम से ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया जाएगा।
युवाओं को मिलेगा राष्ट्रीय स्तर पर अनुभव और संवाद का अवसर
इस राष्ट्रीय आयोजन में शामिल होने वाले युवाओं को देश के विभिन्न राज्यों की संस्कृति को करीब से जानने और अलग-अलग क्षेत्रों के युवाओं के साथ संवाद स्थापित करने का अवसर मिलेगा। साथ ही राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका को समझने का भी अवसर प्राप्त होगा।
राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भागीदारी पर जोर
गौरतलब है कि मेरा युवा भारत (MY Bharat), युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है। इसका उद्देश्य युवाओं को राष्ट्र निर्माण, सामाजिक सेवा, नेतृत्व विकास एवं सामुदायिक गतिविधियों से जोड़ना है।
गयाजी जिले के आठ युवाओं का इस राष्ट्रीय कार्यक्रम के लिए चयन जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है। इनकी सहभागिता से राष्ट्रीय मंच पर गयाजी जिले का प्रतिनिधित्व होगा और बिहार की युवा शक्ति को भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराने का अवसर मिलेगा।
