बैडमिंटन में गया कॉलेज का दबदबा, पुरुष और महिला दोनों वर्गों में बना चैंपियन
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 29 अक्टूबर 2026,
गयाजी। अंतर महाविद्यालय बैडमिंटन प्रतियोगिता में गया कॉलेज, गयाजी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुष एवं महिला दोनों वर्गों में चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। इस दोहरी जीत से कॉलेज में हर्ष का माहौल है और खिलाड़ियों की उपलब्धि को महाविद्यालय की खेल परंपरा के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
पुरुष वर्ग के फाइनल में गया कॉलेज ने आर.एल.एस.वाई. कॉलेज, औरंगाबाद को हराकर खिताब अपने नाम किया। एकल मुकाबले में 15–8 और 15–12 तथा युगल मुकाबले में 15–9 और 15–11 से जीत दर्ज की। विजेता टीम में सतीश कुमार, सुशील सिन्हा, सूरज कुमार और दाताराज शामिल रहे।
वहीं, महिला वर्ग में गया कॉलेज की टीम ने ए.एम. कॉलेज, गयाजी को पराजित कर चैंपियन का खिताब जीता। टीम ने एकल मुकाबले में 15–6 और 15–12 तथा दूसरे मुकाबले में 15–4 और 15–8 से जीत हासिल की। महिला विजेता टीम में खुशी कुमारी, सिद्धि गुप्ता, भाववी और अनीशा शामिल रहीं।
प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग में आर.एल.एस.वाई. कॉलेज, औरंगाबाद और महिला वर्ग में ए.एम. कॉलेज, गयाजी उपविजेता रहे। वहीं, दोनों वर्गों में एस.एन. सिन्हा कॉलेज, जहानाबाद ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
उद्घाटन समारोह में मगध विश्वविद्यालय के छात्र कल्याण अध्यक्ष प्रो. प्रमोद कुमार चौधरी, खेल प्रभारी डॉ. सुदर्शन राय, गया कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सतीश सिंह चंद्रा सहित कई शिक्षक और कर्मचारी मौजूद रहे।
गया कॉलेज के प्राचार्य ने खिलाड़ियों और पीटीआई अंजनी कुमार को बधाई देते हुए कहा कि मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि कॉलेज के खिलाड़ी भविष्य में भी विश्वविद्यालय और राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करेंगे।
