गया-पटना ट्रेन में एनएसएस स्वयंसेवकों ने चलाया स्वच्छता और नशामुक्ति जागरूकता अभियान
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 04 अक्टूबर 2026
गयाजी। स्वच्छता एवं नशामुक्ति को लेकर राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), गया कॉलेज के स्वयंसेवकों ने गयाजी से पटना जाने वाली ट्रेन में जागरूकता अभियान चलाया। एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. राजेश कुमार मिश्रा के निर्देश पर आयोजित अभियान में गया कॉलेज में तैनात एनएसएस स्वयंसेवकों ने यात्रियों को स्वच्छता बनाए रखने और नशे से दूर रहने के लिए जागरूक किया।
ट्रेन में कचरा नहीं फैलाने की अपील
अभियान के दौरान स्वयंसेवकों ने यात्रियों को बताया कि अक्सर ट्रेन में खाना खाने के बाद कचरा, पानी की बोतल तथा गुटखा-खैनी के पाउच इधर-उधर फेंक दिए जाते हैं, जिससे पूरी बोगी गंदी हो जाती है। स्वयंसेवकों ने यात्रियों से अपील की कि अपना कचरा डस्टबिन में ही डालें और ट्रेन को स्वच्छ रखने में रेलवे एवं सफाईकर्मियों का सहयोग करें।
स्वयंसेवकों ने कहा कि सरकार अपने स्तर पर स्वच्छता के लिए लगातार प्रयास कर रही है, लेकिन स्थायी सुधार की शुरुआत प्रत्येक व्यक्ति को स्वयं से करनी होगी। सामूहिक जिम्मेदारी और छोटे-छोटे प्रयासों से ही स्वच्छ एवं विकसित भारत के निर्माण में योगदान दिया जा सकता है।
नशे से दूर रहने का दिया संदेश
नशामुक्ति अभियान के तहत यात्रियों से ट्रेन एवं स्टेशन परिसर में बीड़ी, सिगरेट, गुटखा, पान और शराब जैसे नशीले पदार्थों का सेवन नहीं करने की अपील की गई। स्वयंसेवकों ने कहा कि नशा स्वास्थ्य के लिए हानिकारक होने के साथ-साथ सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी का कारण भी बनता है। नशामुक्त समाज ही स्वस्थ समाज की पहचान है।
स्वयंसेवकों ने यात्रियों से कहा कि किसी एक व्यक्ति की छोटी-सी लापरवाही से आने-जाने वाले हजारों यात्रियों को परेशानी होती है। विशेष रूप से पितृपक्ष के दौरान गयाजी आने-जाने वाले देश-विदेश के श्रद्धालुओं के बीच बिहार और गयाजी की स्वच्छता एवं व्यवस्था की सकारात्मक छवि बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। अभियान के माध्यम से स्वयंसेवकों ने यात्रियों को स्वच्छता, सहयोग, सामाजिक जिम्मेदारी और नशामुक्ति का संदेश दिया।
