सीयूएसबी का पांचवां दीक्षांत समारोह 12 अक्टूबर को, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला होंगे मुख्य अतिथि

0
IMG-20260804-WA0004.jpg
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 04 अक्टूबर 2026

गयाजी: दक्षिण बिहार केन्द्रीय विश्वविद्यालय (सीयूएसबी) अपने परिसर में 12 अक्टूबर 2026 को पांचवें दीक्षांत समारोह का आयोजन करने जा रहा है। नैक से ए++ ग्रेड प्राप्त एवं यूजीसी कैटेगरी-01 विश्वविद्यालय सीयूएसबी के इस महत्वपूर्ण समारोह में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित होने वाले समारोह को लेकर विश्वविद्यालय परिवार में उत्साह का माहौल है। कुलपति ने कहा कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की उपस्थिति विश्वविद्यालय के लिए गौरव का विषय है।

टॉपर्स को दिए जाएंगे गोल्ड मेडल

दीक्षांत समारोह के दौरान उत्तीर्ण विद्यार्थियों को डिग्री प्रदान की जाएगी। वहीं विभिन्न पाठ्यक्रमों के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले टॉपर्स को डिग्री के साथ अलग-अलग श्रेणियों में मेडल भी प्रदान किए जाएंगे। इनमें चांसलर गोल्ड मेडल, स्कूल गोल्ड मेडल और डिपार्टमेंट गोल्ड मेडल प्रमुख हैं।

विश्वविद्यालय के जनसंपर्क पदाधिकारी (पीआरओ) मोहम्मद मुदस्सीर आलम ने बताया कि परीक्षा नियंत्रक डॉ. शांतिगोपाल पाईन द्वारा पांचवें दीक्षांत समारोह के संबंध में अधिसूचना जारी कर दी गई है।

2023 और 2024 में उत्तीर्ण विद्यार्थियों को मिलेगी डिग्री

अधिसूचना के अनुसार, दीक्षांत समारोह में अकादमिक वर्ष 2023 एवं 2024 में उत्तीर्ण विद्यार्थियों को डिग्री प्रदान की जाएगी। इसमें अंडरग्रेजुएट (UG), पोस्टग्रेजुएट (PG), पोस्टग्रेजुएट डिप्लोमा तथा पीएचडी पाठ्यक्रमों के विद्यार्थी शामिल हैं। विश्वविद्यालय ने संबंधित विद्यार्थियों से 7 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन पंजीकरण कराने को कहा है।

₹500 शुल्क के साथ करना होगा ऑनलाइन पंजीकरण

दीक्षांत समारोह में शामिल होने के इच्छुक विद्यार्थियों को सीयूएसबी की वेबसाइट के माध्यम से निर्धारित दीक्षांत पंजीकरण लिंक पर ऑनलाइन पंजीकरण करना होगा। इसके लिए ₹500 गैर-वापसीयोग्य शुल्क निर्धारित किया गया है।

इसके अतिरिक्त दीक्षांत समारोह की पोशाक यानी पगड़ी और अंगवस्त्र के लिए ₹500 की वापसीयोग्य राशि जमा करनी होगी। पोशाक वापस करने के बाद यह राशि विद्यार्थियों को लौटा दी जाएगी।

11 अक्टूबर को मिलेगी दीक्षांत पोशाक

विश्वविद्यालय के अनुसार, पगड़ी और अंगवस्त्र का वितरण 11 अक्टूबर 2026 को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक विश्वविद्यालय परिसर में किया जाएगा।

दीक्षांत समारोह में भाग लेने और पोशाक प्राप्त करने के लिए पंजीकृत विद्यार्थियों को दीक्षांत समारोह शुल्क की रसीद, पहचान प्रमाण, आधार कार्ड की प्रति तथा अंतिम सेमेस्टर ग्रेड रिपोर्ट/संचयी ग्रेड रिपोर्ट/अंतिम डिग्री प्रमाणपत्र/जारी किए गए माइग्रेशन प्रमाणपत्र में से संबंधित दस्तावेज की प्रति जमा करनी होगी।

अधिक जानकारी के लिए संपर्क

विश्वविद्यालय ने विद्यार्थियों से दीक्षांत समारोह से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए परीक्षा नियंत्रक (COE) के निजी सचिव (PS) से संपर्क करने को कहा है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page