खिजरसराय में रास्ते के विवाद में दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प, 10 गिरफ्तार
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 28 सितंबर 2026
गयाजी: खिजरसराय थाना क्षेत्र के लोदीपुर टोला वैजनाथपुर गांव में रास्ते को लेकर चल रहे विवाद ने सोमवार को हिंसक रूप ले लिया। रास्ते के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें दोनों पक्षों के दो लोगों के सिर फटने की सूचना है। घटना के बाद दोनों पक्षों की ओर से खिजरसराय थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों से कुल 10 आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
हत्या के प्रयास के आरोप में कार्रवाई
खिजरसराय थानाध्यक्ष नेहा कुमारी ने बताया कि मामले में हत्या के प्रयास के आरोप में एक पक्ष से सोनाली कुमारी, प्रीति कुमारी, ज्योति कुमारी, मोनाली कुमारी, सूरज कुमार, कृष्ण मुरारी प्रभाकर, रविंद्र विश्वकर्मा, रुवी कुमारी और राजेंद्र विश्वकर्मा को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। वहीं, दूसरे पक्ष से यदुनंदन प्रसाद उर्फ मोही यादव को गिरफ्तार किया गया है।
रास्ते को लेकर चल रहा था विवाद
पुलिस के अनुसार, राजेंद्र विश्वकर्मा और अनिल यादव के बीच रास्ते को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। इसी विवाद को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई। घटना में दोनों पक्षों के दो लोगों के सिर में चोट लगने की बात सामने आई है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
मामले में दर्ज प्राथमिकी में अनिल कुमार और रामस्वरूप यादव पर भी हत्या के प्रयास का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने दोनों पक्षों की ओर से दर्ज प्राथमिकी के आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।
