देवघाट पर शुरू हुआ लेजर लाइट शो, पिंडदान और गयाजी की धार्मिक विरासत की दिखेगी झलक
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 24 सितंबर 2026
गयाजी: पितृपक्ष मेला-2026 के दौरान गयाजी आने वाले श्रद्धालुओं को यहां की धार्मिक और आध्यात्मिक विरासत से परिचित कराने के लिए फल्गु नदी के देवघाट पर लेजर लाइट शो शुरू किया गया है। शाम के समय होने वाले इस शो में आधुनिक तकनीक और रंग-बिरंगी रोशनी के माध्यम से गयाजी की धार्मिक परंपराओं को प्रस्तुत किया जाएगा।
लेजर शो का उद्घाटन मगध प्रमंडल की आयुक्त डॉ. सफीना एएन, मगध रेंज के आईजी विकास वैभव, मेयर वीरेंद्र कुमार उर्फ गणेश पासवान, नगर आयुक्त डॉ. गगन कुमार तथा पूर्व डिप्टी मेयर एवं सशक्त स्थायी समिति के सदस्य अखौरी ओंकार नाथ उर्फ मोहन श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से किया।
माता सीता से जुड़ी धार्मिक कथा भी होगी प्रदर्शित
शो के माध्यम से फल्गु नदी की पौराणिक महत्ता, गयाजी में पिंडदान की परंपरा और माता सीता द्वारा राजा दशरथ के पिंडदान से जुड़ी धार्मिक कथा को दृश्य-श्रव्य प्रस्तुति के माध्यम से दिखाया जाएगा।
फल्गु तट पर शाम के समय आयोजित होने वाला यह शो देश-विदेश से आने वाले पिंडदानियों के लिए गयाजी की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को जानने का एक नया माध्यम बनेगा।
10 अक्टूबर तक चलेगा लेजर शो
पितृपक्ष मेला के दौरान गयाजी में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने के मद्देनजर देवघाट पर शुरू की गई यह प्रस्तुति धार्मिक पर्यटन को भी एक अलग अनुभव देने के उद्देश्य से तैयार की गई है। लेजर लाइट शो 10 अक्टूबर तक चलाया जाएगा।
धार्मिक परंपराओं को देश-दुनिया तक पहुंचाने की पहल
मेयर वीरेंद्र कुमार उर्फ गणेश पासवान ने कहा कि पितृपक्ष केवल पिंडदान और तर्पण की परंपरा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह गयाजी की प्राचीन धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को देश-दुनिया तक पहुंचाने का अवसर भी है। देवघाट का लेजर शो इसी दिशा में की गई एक पहल है।
