पूर्णिया के कार्यपालक अभियंता 1.04 लाख रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार, पटना स्थित आवास से 8.36 लाख नकद बरामद
आर्यावर्त वाणी | पटना | 03 सितंबर 2026
पटना: भ्रष्टाचार के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की मुख्यालय टीम ने गुरुवार को बिहार राज्य शैक्षणिक आधारभूत संरचना विकास निगम लिमिटेड (BSEIDCL), जिला पूर्णिया में कार्यपालक अभियंता के पद पर कार्यरत द्विजेन्द्र कुमार मिश्र को 1,04,000 रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। निगरानी ब्यूरो के अनुसार गिरफ्तारी बेली रोड, नेहरू पथ, पटना स्थित गोल्फ क्लब के गेट के समीप से की गई।
तीन लाख रुपये कमीशन मांगने का आरोप
निगरानी ब्यूरो को पटना निवासी परिवादी राम सागर शर्मा ने शिकायत दी थी। शिकायत के अनुसार उन्होंने BSEIDCL के अंतर्गत कटिहार जिले के एक सरकारी विद्यालय में निर्माण संबंधी कार्य कराया था। इस कार्य के प्रथम भुगतान के रूप में 1,54,19,329 रुपये उनके खाते में आए थे। आरोप है कि इसी भुगतान की राशि का दो प्रतिशत कमीशन मांगते हुए द्विजेन्द्र कुमार मिश्र द्वारा तीन लाख रुपये रिश्वत की मांग की जा रही थी।
सत्यापन के बाद हुई ट्रैप कार्रवाई
ब्यूरो ने शिकायत का सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान आरोपी द्वारा 1,04,000 रुपये रिश्वत मांगे जाने की बात सामने आने का दावा किया गया। प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने के बाद निगरानी थाना कांड संख्या 104/26, दिनांक 02 सितंबर 2026 दर्ज किया गया। अनुसंधानकर्ता पुलिस निरीक्षक अणु प्रिया के अनुरोध पर पुलिस उपाधीक्षक विकास कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में धावादल गठित किया गया। धावादल ने कार्रवाई करते हुए द्विजेन्द्र कुमार मिश्र को 1,04,000 रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया।
आवास की तलाशी में 8.36 लाख रुपये नकद बरामद
निगरानी ब्यूरो के अनुसार आरोपी के रूपसपुर, पटना स्थित लखन इन्क्लेव आवास की तलाशी के दौरान 8,36,000 रुपये अतिरिक्त नकद बरामद किए गए। इसके अलावा एक फ्लैट के दस्तावेज सहित लगभग एक करोड़ रुपये के पारिवारिक निवेश से संबंधित कागजात, दो बैंक लॉकर के कागजात तथा सोने-चांदी के आभूषण भी बरामद किए गए हैं। आभूषणों का अधिकृत मूल्यांकनकर्ता से मूल्यांकन कराया जा रहा है। ब्यूरो के अनुसार आगे की तलाशी और अनुसंधान जारी है।
2021 में जल संसाधन विभाग से हुए थे सेवानिवृत्त
प्राप्त जानकारी के अनुसार द्विजेन्द्र कुमार मिश्र वर्ष 2021 में जल संसाधन विभाग में कार्यपालक अभियंता के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। इसके बाद वर्ष 2023 से आउटसोर्सिंग एजेंसी के माध्यम से शिक्षा विभाग की Techno Facility and Management Services के तहत BSEIDCL, पूर्णिया में कार्यपालक अभियंता के पद पर सेवा दे रहे थे।
पूछताछ के बाद विशेष न्यायालय में होगी पेशी
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त से पूछताछ के बाद उसे विशेष न्यायालय, निगरानी, पटना के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। मामले में आगे की अनुसंधानात्मक कार्रवाई जारी है।
रिश्वत मांगे जाने पर शिकायत करने की अपील
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने कहा है कि भ्रष्टाचार के विरुद्ध कार्रवाई जारी रहेगी। ब्यूरो ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी लोक सेवक यानी सरकारी पदाधिकारी या कर्मी द्वारा रिश्वत की मांग की जाती है तो समय रहते इसकी शिकायत निगरानी अन्वेषण ब्यूरो से करें।
