मगध यूनिवर्सिटी गेट के पास भीषण सड़क हादसा, भाई-बहन की दर्दनाक मौत; हाईवा चालक फरार
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 01 सितंबर 2026
गयाजी: मंगलवार शाम एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। बोधगया थाना क्षेत्र में मगध यूनिवर्सिटी के मुख्य गेट के पास करीब शाम 4 बजे तेज रफ्तार हाईवा ट्रक ने मोटरसाइकिल सवार भाई-बहन को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
जिंदापुर गांव के रहने वाले थे मृतक
मृतकों की पहचान विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के जिंदापुर गांव निवासी 23 वर्षीय पिंकी कुमारी और 20 वर्षीय सचिन कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों पूर्व प्रोफेसर रामस्वरूप यादव के परिवार से थे। हादसे की सूचना मिलते ही गांव में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बिहार पुलिस में चयनित हुई थी पिंकी
परिजनों के अनुसार, पिंकी कुमारी ने हाल ही में बिहार पुलिस की परीक्षा उत्तीर्ण की थी और शारीरिक दक्षता परीक्षा की तैयारी कर रही थी। वहीं उसका भाई सचिन कुमार भी अग्निवीर बनने की तैयारी में जुटा था। दोनों मंगलवार को बोधगया के कालचक्र मैदान में शारीरिक प्रशिक्षण के लिए निकले थे। इसी दौरान मगध यूनिवर्सिटी गेट के पास यह हादसा हो गया।
हादसे के बाद ग्रामीणों और छात्रों में आक्रोश
बताया जा रहा है कि हादसे के बाद हाईवा चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों और विश्वविद्यालय के छात्रों ने शवों को सड़क पर रखकर मार्ग जाम कर दिया। लोगों में घटना को लेकर काफी आक्रोश देखा गया।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। दोनों शवों को कब्जे में लेकर अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (ANMMCH) में पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस फरार हाईवा और उसके चालक की तलाश में जुटी है। मामले की जांच की जा रही है।
