बालाबिघा में आयोजित हुआ ‘सखी वार्ता’ कार्यक्रम, महिलाओं एवं किशोरियों को अधिकारों के प्रति किया जागरूक
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 20 अगस्त 2026
गयाजी: नीमचक बथानी प्रखंड अंतर्गत बालाबिघा में महिलाओं एवं किशोरियों को जागरूक एवं सशक्त बनाने के उद्देश्य से ‘सखी वार्ता’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं तक पहुंच बनाकर उन्हें उनके अधिकारों, सुरक्षा एवं सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना रहा।
महिला एवं बाल सुरक्षा पर हुआ संवाद
कार्यक्रम के दौरान महिला एवं बाल विकास निगम की ओर से विशाल कुमार वर्मा एवं श्रीकांत कुमार ने महिलाओं से संवाद किया। इस दौरान महिला अधिकार, लैंगिक समानता, महिला एवं बाल सुरक्षा, सरकारी कल्याणकारी योजनाओं तथा महिला सशक्तिकरण से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई।
हिंसा और भेदभाव के खिलाफ आवाज उठाने की अपील
‘सखी वार्ता’ के माध्यम से महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने, हिंसा एवं भेदभाव के विरुद्ध आवाज उठाने तथा उपलब्ध सरकारी सेवाओं एवं कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।
महिलाओं ने साझा की अपनी समस्याएं
कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं ने विभिन्न सामाजिक एवं पारिवारिक मुद्दों से संबंधित अपने विचार एवं समस्याएं भी साझा कीं। उपस्थित प्रतिनिधियों द्वारा उनकी समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
