अतरी थाना कांड में फरार तीन नामजद आरोपियों के घर की कुर्की, पुलिस ने दी आत्मसमर्पण की चेतावनी
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 20 अगस्त 2026
गयाजी: जिला पुलिस ने फरार चल रहे आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में गुरुवार को अतरी थाना पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों द्वारा अतरी थाना कांड संख्या 49/18, दिनांक 21 फरवरी 2018 में फरार चल रहे तीन प्राथमिकी नामजद आरोपियों के घर की विधिवत कुर्की की गई।
तीन नामजद आरोपियों के घर हुई कुर्की
पुलिस के अनुसार कुर्की की कार्रवाई मतलु कुमार उर्फ मल्लु कुमार, कटलू कुमार उर्फ कल्लू कुमार दोनों पिता स्वर्गीय सुरेंद्र सिंह तथा निवास सिंह, पिता स्वर्गीय सकलदेव सिंह, सभी निवासी दरियापुर, थाना अतरी, जिला गयाजी के घर पर की गई। तीनों आरोपी उक्त कांड में लंबे समय से फरार बताए जा रहे हैं।
विभिन्न धाराओं में दर्ज है मामला
अतरी थाना कांड संख्या 49/18 में आरोपियों के विरुद्ध धारा 147, 149, 353, 379, 414, 420 एवं 120 भादवि के तहत मामला दर्ज है। पुलिस द्वारा फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।
गयाजी पुलिस की स्पष्ट चेतावनी
गयाजी पुलिस ने फरार अपराधियों को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा है कि वे कानून के समक्ष आत्मसमर्पण करें, अन्यथा उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने कहा कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ-साथ आवश्यक होने पर उनकी संपत्ति की कुर्की की कार्रवाई भी की जाएगी।
