ग्रामीण आवास योजनाओं के क्रियान्वयन में गयाजी की बड़ी उपलब्धि, 2.15 लाख से अधिक आवास हुए पूर्ण
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 20 अगस्त 2026
गयाजी: ग्रामीण विकास विभाग द्वारा पटना स्थित बापू सभागार में आयोजित कार्यक्रम का मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण की उपलब्धियों एवं प्रगति पर आधारित लघु फिल्म प्रदर्शित की गई। मुख्यमंत्री ने लाभुकों को आवास की चाबी तथा नए चयनित लाभुकों को स्वीकृति पत्र प्रदान किया। वहीं केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बिहार को प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत आवंटित लक्ष्य का पत्र मुख्यमंत्री को सौंपा।
इसी क्रम में उप विकास आयुक्त, गयाजी ने बताया कि जिला ग्रामीण विकास अभिकरण द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों के आवासविहीन एवं जरूरतमंद परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न ग्रामीण आवास योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है।
पीएम आवास योजना के तहत 2.15 लाख से अधिक आवास पूर्ण
प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 में निर्धारित 10,237 आवासों के लक्ष्य के विरुद्ध सभी 10,237 आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से 2,241 आवास पूर्ण हो चुके हैं।
वित्तीय वर्ष 2024-25 में 25,919 आवासों के लक्ष्य के विरुद्ध 25,891 आवास स्वीकृत किए गए तथा इनमें से 12,053 आवास पूर्ण कराए जा चुके हैं।
वित्तीय वर्ष 2016-17 से 2025-26 तक कुल 2,42,215 आवासों के लक्ष्य के विरुद्ध 2,42,173 आवास स्वीकृत किए गए हैं। इनमें से 2,15,404 आवास पूर्ण हो चुके हैं।
मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजनाओं में भी प्रगति
मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना के तहत 5,422 आवासों के लक्ष्य के विरुद्ध 5,373 आवास स्वीकृत किए गए हैं, जबकि 4,952 आवास पूर्ण हो चुके हैं।
वहीं मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास सहायता योजना के तहत 2,364 लाभुकों को स्वीकृति दी गई है और 2,005 आवास पूर्ण कराए जा चुके हैं।
विधानसभा अध्यक्ष ने लाभुकों को सौंपी आवास की चाबी
प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के लाभुकों को आवासीय सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित कार्यक्रम में बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार द्वारा लाभार्थियों के बीच नवनिर्मित आवास की गृह चाबी, आवास स्वीकृति आदेश पत्र एवं प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित शुभकामना संदेश पत्र वितरित किए गए।
पूर्ण आवास प्राप्त करने वाले लाभुकों में नगर प्रखंड की अमराहा पंचायत के सदीपुर निवासी परवेज आलम, कसमा निवासी नाजिया खातून, सबीना खातून एवं सोनी परवीन शामिल हैं। गृह प्रवेश सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से इन्हें नवनिर्मित आवास की चाबी प्रदान की गई।
नए लाभुकों को वितरित किया गया स्वीकृति पत्र
प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के स्वीकृति आदेश पत्र का वितरण अमराहा पंचायत के सदीपुर निवासी सहादा खातून, बारा पंचायत की रूबिना परवीन एवं बिल्किस फातमा, कंडी पंचायत के बिथो निवासी ललिता देवी तथा बारा पंचायत के गंगापुर निवासी जयराम कुमार को किया गया।
इसके अलावा कई लाभुकों को प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के शुभकामना संदेश पत्र भी प्रदान किए गए।
लाभुकों ने जताया सरकार और प्रशासन का आभार
कार्यक्रम में लाभुकों ने पक्का आवास मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त की तथा सरकार एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया। आवास मिलने से ग्रामीण परिवारों को सुरक्षित एवं स्थायी आवास की सुविधा उपलब्ध हुई है।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में अतरी विधायक रोमित कुमार, केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी के प्रतिनिधि नंदलाल मांझी, जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर, उप विकास आयुक्त, सहायक समाहर्ता, निदेशक डीआरडीए सहित बड़ी संख्या में लाभार्थी एवं संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
