15 अगस्त को भूमिहीन जरूरतमंदों को मिलेगा पर्चा, डीएम ने अधिकारियों को लाभुकों की पहचान का दिया निर्देश
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 12 अगस्त 2026,
गयाजी: डीएम शशांक शुभंकर की अध्यक्षता में बुधवार को समाहरणालय स्थित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं अभियानों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सहयोग शिविर, टीबी मुक्त भारत अभियान, राजस्व महाअभियान, अभियान बसेरा, प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना, हर घर तिरंगा अभियान-2026 एवं राशन कार्ड से संबंधित कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में संबंधित विभागों के जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी मौजूद रहे।
15 अगस्त को भूमिहीनों को पर्चा वितरण की तैयारी
अभियान बसेरा की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को जरूरतमंद भूमिहीन एवं आवासहीन परिवारों की पहचान करने का निर्देश दिया, ताकि 15 अगस्त के अवसर पर पात्र लाभुकों को भूमि का पर्चा वितरित किया जा सके।
अभियान बसेरा का उद्देश्य भूमिहीन एवं आवासहीन गरीब परिवारों को आवास निर्माण के लिए बासगीत/आवासीय भूमि उपलब्ध कराना है। इसके तहत पात्र परिवारों की पहचान कर उन्हें उपलब्ध सरकारी भूमि पर बसाने तथा अन्य आवासीय योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जाता है।
17 अगस्त तक चलेगा हर घर तिरंगा अभियान
बैठक में ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने बताया कि अभियान 9 अगस्त से 17 अगस्त 2026 तक संचालित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य नागरिकों में राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत करना है। उन्होंने अभियान में व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
सहयोग शिविरों में आवेदनों का समय पर हो निष्पादन
सहयोग शिविरों की समीक्षा करते हुए डीएम ने कहा कि इन शिविरों का उद्देश्य आम नागरिकों को विभिन्न सरकारी सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है। उन्होंने शिविरों में प्राप्त आवेदनों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन करने तथा लंबित मामलों की नियमित समीक्षा कर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
टीबी मरीजों की पहचान और उपचार में तेजी का निर्देश
टीबी मुक्त भारत अभियान की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने संभावित टीबी मरीजों की पहचान, समय पर जांच, उपचार एवं पोषण सहायता उपलब्ध कराने में स्वास्थ्य विभाग को और अधिक सक्रियता बरतने का निर्देश दिया।
राजस्व मामलों के लंबित प्रकरण जल्द निपटाएं
राजस्व महाअभियान की समीक्षा के क्रम में डीएम ने दाखिल-खारिज, परिमार्जन, जमाबंदी, भू-लगान सहित अन्य राजस्व मामलों के लंबित प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने कहा कि राजस्व से जुड़े मामलों के लिए आम नागरिकों को अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें, इसके लिए अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से कार्य करना होगा।
सूर्यघर योजना में अधिक से अधिक परिवारों को जोड़ने पर जोर
प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिक से अधिक पात्र परिवारों को योजना से जोड़ने पर बल दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवेदन प्रक्रिया में लाभुकों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने तथा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
पात्र परिवार राशन कार्ड से वंचित न रहें
राशन कार्ड से संबंधित मामलों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने नए आवेदनों, लंबित मामलों एवं त्रुटि सुधार से जुड़े कार्यों का शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र परिवार राशन कार्ड के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय, नियमित मॉनिटरिंग और राज्य सरकार द्वारा निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्यों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।
