एससी-एसटी अत्याचार निवारण समिति की बैठक में सख्ती, भूमिहीन महादलित परिवारों को 5 डिसमिल जमीन देने का प्रस्ताव भेजने का निर्देश
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 11 अगस्त 2026,
गयाजी: जिला परिषद सभागार में मंगलवार को अनुमंडलस्तरीय अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति (एससी/एसटी) अत्याचार निवारण समिति की त्रैमासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सदर अनुमंडल पदाधिकारी अनिल कुमार रमण ने की। बैठक में एससी/एसटी अत्याचार से जुड़े मामलों की समीक्षा के साथ-साथ महादलित परिवारों के भूमि अधिकार और लंबित मामलों पर चर्चा हुई।
बैठक की शुरुआत में अनुमंडल पदाधिकारी ने सभी सदस्यों का स्वागत किया। इसके बाद पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों एवं कार्रवाई की समीक्षा की गई।
भूमिहीन महादलित परिवारों को मिले 5 डिसमिल जमीन
बैठक में सदर एसडीओ ने निर्देश दिया कि अनुमंडल स्तर पर ऐसे भूमिहीन महादलित परिवारों को 5 डिसमिल जमीन उपलब्ध कराने के लिए प्रस्ताव भेजा जाए, ताकि उन्हें भूमि का परवाना दिया जा सके।
उन्होंने कहा कि जिन परिवारों को पहले से वासगीत परवाना दिया जा चुका है, लेकिन उन्हें जमीन से बेदखल कर दिया गया है, उन्हें हर हाल में जमीन पर कब्जा दिलाना सुनिश्चित किया जाए।
एसडीओ ने संबंधित अधिकारियों को एससी/एसटी परिवारों से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करते हुए पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाने का निर्देश दिया।
लंबित एससी-एसटी मामलों की मांगी गई रिपोर्ट
समिति के सदस्य डॉ. जितेंद्र कुमार ने मांग की कि अनुमंडल क्षेत्र के सभी थानाध्यक्षों को निर्देश दिया जाए कि अगली बैठक में थानों में लंबित एससी/एसटी मामलों की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
उन्होंने कहा कि लंबित मामलों में समय पर अनुसंधान, आरोप पत्र एवं मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि पीड़ितों को न्याय के लिए अनावश्यक इंतजार न करना पड़े।
महादलित विकास मिशन से वर्क शेड बनाने की मांग
समिति की सदस्य प्रमुख सुचिता रंजनी ने महादलित विकास मिशन के माध्यम से महादलित परिवारों के लिए वर्क शेड निर्माण कराने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि इससे संबंधित परिवारों को स्वरोजगार एवं आजीविका के अवसर उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
वहीं समिति के सदस्य कमलेश पासवान ने अनुसूचित जाति समुदाय के सुग्रीव पासवान की मौत के मामले की जांच कर न्यायोचित कार्रवाई करने की मांग बैठक में रखी।
कई अधिकारी एवं जनप्रतिनिधियों के प्रतिनिधि रहे मौजूद
बैठक में विधि व्यवस्था पुलिस उपाधीक्षक रविशंकर सिंह, मुफस्सिल डीएसपी संदीप कुमार, बेलागंज विधायक मनोरमा देवी के प्रतिनिधि रविंद्र कुमार सहित नगर, मानपुर, बेलागंज, फतेहपुर, बोधगया एवं वजीरगंज प्रखंड एवं अंचल के पदाधिकारी तथा विभिन्न थानों के थानाध्यक्ष मौजूद रहे।
बैठक में अधिकारियों को एससी/एसटी अत्याचार से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई करने तथा पीड़ित परिवारों को सरकारी प्रावधानों के अनुरूप सहायता एवं न्याय उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।
