श्रावणी मेला–2026 का भव्य शुभारंभ, बाबा सिद्धेश्वर नाथ धाम में उमड़ी श्रद्धालुओं की आस्था
आर्यावर्त वाणी | जहानाबाद | 30 जुलाई 2026,
जहानाबाद : आस्था, संस्कृति और परंपरा के अद्भुत संगम श्रावणी मेला–2026 का शुभारंभ गुरुवार को बाबा सिद्धेश्वर नाथ धाम, बराबर पहाड़ में भव्य एवं श्रद्धामय वातावरण में हुआ। उद्घाटन समारोह में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
पूजन-अर्चन के साथ हुआ मेले का शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के पारंपरिक स्वागत एवं स्वागत गीत से हुआ। इसके बाद अम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र की बालिकाओं ने भगवान शिव को समर्पित आकर्षक शिव तांडव की प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। समारोह में बाबा सिद्धेश्वर नाथ का विधिवत पूजन-अर्चन कर श्रावणी मेले का औपचारिक शुभारंभ किया गया।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही गरिमामयी उपस्थिति
उद्घाटन समारोह में जहानाबाद के प्रभारी मंत्री मोहम्मद जमा ख़ान, कला, संस्कृति एवं युवा विभाग के मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार चंद्रवंशी, बिहार विधान परिषद सदस्य अनिल कुमार, मखदुमपुर विधायक सूबेदार दास, जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया तथा पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील
जिला प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में बाबा सिद्धेश्वर नाथ धाम पहुंचकर मेले में भाग लेने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से पूजा-अर्चना करने की अपील की है।
