पितृपक्ष मेला-2026 के आधिकारिक लोगो का चयन, जिला पदाधिकारी ने टॉप-10 प्रतिभागियों को किया सम्मानित

0
Screenshot_2026_0730_202907.jpg
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 30 जुलाई 2026,

गयाजी: पितृपक्ष मेला-2026 के लिए आधिकारिक लोगो चयन प्रतियोगिता का परिणाम गुरुवार को घोषित कर दिया गया। जिला प्रशासन द्वारा आयोजित प्रतियोगिता में प्राप्त 104 प्रविष्टियों में से सर्वश्रेष्ठ 10 लोगो का चयन किया गया। समाहरणालय सभाकक्ष में आयोजित सम्मान समारोह में जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर ने चयनित प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया।

जिला पदाधिकारी ने कहा कि पितृपक्ष मेला केवल गयाजी की पहचान नहीं, बल्कि देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। ऐसे महत्वपूर्ण आयोजन के लिए स्थानीय प्रतिभाओं की सहभागिता से आधिकारिक लोगो तैयार कराना जिले के लिए गर्व की बात है। उन्होंने प्रतिभागियों की रचनात्मक सोच और कलात्मक अभिव्यक्ति की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं की सृजनात्मक क्षमता को प्रोत्साहित करने के लिए इस प्रकार की प्रतियोगिताएं लगातार आयोजित की जानी चाहिए।

उन्होंने बताया कि गयाजी के डिजाइन प्रोफेशनल गौरव कुमार द्वारा तैयार किए गए लोगो को पितृपक्ष मेला-2026 का आधिकारिक लोगो चुना गया है। वहीं प्रतियोगिता में चयनित अन्य नौ लोगो का भी पितृपक्ष मेला के दौरान विभिन्न प्रचार-प्रसार एवं अन्य उपयोगों में किया जाएगा।

ये रहे टॉप-10 चयनित प्रतिभागी

1. गौरव कुमार – डिजाइन प्रोफेशनल, गयाजी (आधिकारिक लोगो चयनित)
2. संतोष कुमार – शिक्षक, रंगलाल उच्च विद्यालय, गयाजी
3. कुमारी वैष्णवी – अनुग्रह कन्या उच्च विद्यालय, गयाजी
4. सहज़ेब कलाम – उत्क्रमित उच्च विद्यालय, बिरहुत, बोधगया
5. निशा रानी – झिकटिया उच्च विद्यालय, बोधगया
6. मृत्युंजय विश्वकर्मा – +2 जिला उच्च विद्यालय, गयाजी
7. अनीश कुमार – महावीर इंटर विद्यालय, गयाजी
8. चाहत वत्स – संन्यास आश्रम श्याम बाबू स्कूल, मानपुर, गयाजी
9. रमेश वी. के. – इसरो (वैज्ञानिक)
10. रंजीत कुमार – डिजाइन प्रोफेशनल, नई दिल्ली

प्रतिभाओं को मिला सम्मान

कार्यक्रम के दौरान चयनित प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। साथ ही उनके द्वारा तैयार किए गए लोगो का प्रदर्शन भी किया गया, जिसका उपस्थित लोगों ने अवलोकन किया।

इस अवसर पर सहायक समाहर्ता, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था), जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी, निर्णायक मंडल के सदस्य, प्रतिभागी छात्र-छात्राएं, उनके अभिभावक एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page