सीयूएसबी में स्नातक नामांकन की पहली कट-ऑफ जारी, 24 पाठ्यक्रमों की 858 सीटों पर होगा प्रवेश

0
IMG-20260709-WA0004.jpg
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 22 जुलाई 2026,

गयाजी: दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयूएसबी) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए 24 स्नातक (यूजी) पाठ्यक्रमों में नामांकन हेतु प्रथम कट-ऑफ सूची जारी कर दी है। विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. शान्तिगोपाल पाइन द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, काउंसलिंग के लिए पंजीकृत तथा निर्धारित कट-ऑफ अंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थी 23 जुलाई 2026 तक प्रवेश शुल्क जमा कर अपनी सीट सुरक्षित कर सकते हैं।

24 पाठ्यक्रमों में 858 सीटों पर होगा नामांकन

जनसंपर्क पदाधिकारी मोहम्मद मुदस्सीर आलम ने बताया कि इस सत्र में विश्वविद्यालय ने कुल 858 सीटों पर प्रवेश के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इनमें पाँच वर्षीय एकीकृत बीए एलएलबी (ऑनर्स), बीबीए एलएलबी, बीएससी (ऑनर्स) कृषि, डी.फार्मा तथा बायोटेक्नोलॉजी, बायोइन्फॉर्मेटिक्स, पर्यावरण विज्ञान, जीवन विज्ञान, कंप्यूटर विज्ञान, भूविज्ञान, पत्रकारिता एवं जनसंचार, भूगोल, सांख्यिकी, रसायन विज्ञान, गणित, मनोविज्ञान, राजनीति विज्ञान एवं अंतरराष्ट्रीय संबंध, इतिहास, समाजशास्त्र, भौतिकी, अंग्रेज़ी, अर्थशास्त्र, वाणिज्य और हिन्दी सहित कई एकीकृत यूजी-पीजी कार्यक्रम शामिल हैं।

ऑनलाइन भुगतान से होगी सीट ब्लॉक

उप कुलसचिव (शैक्षणिक एवं परीक्षा) कुमार कौशल ने बताया कि पात्र अभ्यर्थी 21 से 23 जुलाई 2026 के बीच निर्धारित पोर्टल पर प्रवेश शुल्क का ऑनलाइन भुगतान कर अपनी सीट ब्लॉक कर सकते हैं। शुल्क जमा होने के बाद संबंधित पाठ्यक्रम में अस्थायी नामांकन की प्रक्रिया पूरी मानी जाएगी।

30 जुलाई को मेरिट सूची, 4 अगस्त से कक्षाएं

विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, अस्थायी रूप से नामांकित विद्यार्थियों की कार्यक्रमवार मेरिट सूची 30 जुलाई 2026 को प्रकाशित की जाएगी। वहीं, नए शैक्षणिक सत्र की कक्षाएं 4 अगस्त 2026 से शुरू होंगी।

अभ्यर्थियों के लिए जरूरी सलाह

विश्वविद्यालय ने अभ्यर्थियों से प्रवेश प्रक्रिया से जुड़ी सभी ताज़ा जानकारियों के लिए आधिकारिक वेबसाइट का नियमित रूप से अवलोकन करने की अपील की है। किसी भी प्रकार की सहायता के लिए अभ्यर्थी ई-मेल अथवा विश्वविद्यालय के हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page