एसएसपी सुशील कुमार ने किया शेरघाटी थानाध्यक्ष और चौकीदार को निलंबित

0
image_search_1784224883412.jpg
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 21 जुलाई 2026,

गयाजी: जिले के वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार ने पुलिस विभाग में अनुशासन और जवाबदेही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बड़ी कार्रवाई करते हुए शेरघाटी थाना के थानाध्यक्ष मोहन कुमार और चौकीदार देवेंद्र कश्यप को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। दोनों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।

एससी/एसटी एक्ट की धाराएं नहीं जोड़ने का आरोप

20 जुलाई को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (शेरघाटी-1) ने आवेदिका पूनम कुमारी के आवेदन की जांच की। जांच में प्रथम दृष्टया पाया गया कि मृतका दिव्या कुमारी के मामले में, यह जानकारी होने के बावजूद कि वह अनुसूचित जाति/जनजाति वर्ग से थी, थानाध्यक्ष मोहन कुमार ने संबंधित कांड में एससी/एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम की धाराएं शामिल नहीं कीं। इसके कारण अभियुक्त पक्ष को जमानत का लाभ मिलने की बात सामने आई।

चौकीदार पर भी गंभीर आरोप

जांच में यह भी सामने आया कि चौकीदार देवेंद्र कश्यप ने आवेदिका की शिकायत पर संतोषजनक कार्रवाई नहीं की, बल्कि उसे डांट-फटकार कर वापस भेज दिया। जांच के दौरान आरोपी राहुल कुमार से मिलीभगत, घटना से जुड़े तथ्यों को छिपाने और कर्तव्य निर्वहन में गंभीर लापरवाही के आरोप भी प्रथम दृष्टया सही पाए गए।

ब्लैकमेल और रंगदारी की बात भी आई सामने

जारी किए गए प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार इस मामले से जुड़े कुछ पत्रकारों द्वारा कथित रूप से ब्लैकमेल और रंगदारी मांगने की बात भी जांच के दौरान सामने आई। जांच में यह भी कहा गया कि चौकीदार इस दबाव का शिकार हुआ और कुछ राशि दिए जाने की बात प्रकाश में आई है। इन आरोपों की जांच आगे की विभागीय प्रक्रिया के तहत की जाएगी।

विभागीय कार्रवाई शुरू, मांगा गया स्पष्टीकरण

एसएसपी ने दोनों अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से सामान्य जीवन-यापन भत्ता पर निलंबित कर दिया है। साथ ही उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई प्रारंभ करते हुए स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page