गया में भीषण सड़क हादसा: रॉन्ग साइड से आ रहे ट्रक से टकराई कार, आग में जिंदा जले दो लोग; चालक गंभीर

0
Screenshot_2026_0709_112944.jpg
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 09 जुलाई 2026,

गयाजी: जिले के बोधगया थाना क्षेत्र के सिजुआ गांव के समीप डोभी–पटना फोरलेन पर बुधवार देर रात करीब 1:30 बजे हुए भीषण सड़क हादसे में कार सवार दो लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से झुलस गया। घायल का इलाज अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में चल रहा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार में सवार लोग झारखंड के रहने वाले बताए जा रहे हैं, हालांकि मृतकों और घायल की आधिकारिक पहचान अभी नहीं हो सकी है।

रॉन्ग साइड से फोरलेन पर चढ़ रहे ट्रक से हुई टक्कर

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, खाद लदा एक ट्रक सर्विस लेन से गलत दिशा में फोरलेन पर चढ़ने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान डोभी की ओर से पटना जा रही तेज रफ्तार कार ट्रक के दाहिने हिस्से में बने डीजल टैंक से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि डीजल टैंक फट गया और शायद घर्षण के कारण दोनों वाहनों में आग लग गई।

कुछ ही मिनटों में आग का गोला बनी कार

टक्कर के बाद आग तेजी से फैल गई और पूरी कार उसकी चपेट में आ गई। कार में सवार दो लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला और उनकी मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई। वहीं चालक किसी तरह वाहन से बाहर निकलने में सफल रहा, लेकिन वह गंभीर रूप से झुलस गया।

पुलिस और दमकल ने चलाया राहत अभियान

घटना की सूचना मिलते ही बोधगया थाना के अपर थानाध्यक्ष अरविंद कुमार सिंह और एएसआई नीरज कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अग्निशमन विभाग की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घायल चालक को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

ट्रक चालक और खलासी मौके से फरार

हादसे के बाद ट्रक का चालक और खलासी वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। गुरुवार सुबह पुलिस ने जेसीबी और क्रेन की मदद से दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया, जिसके बाद फोरलेन पर यातायात सामान्य हो सका।

कार से शराब की बोतलें मिलने की भी जांच

घटनास्थल की जांच के दौरान पुलिस को कार के मलबे के पास शराब की कुछ खाली बोतलें भी मिली हैं। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि हादसे के समय कार सवारों ने शराब का सेवन किया था या नहीं। हालांकि इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है और जांच जारी है।

पहचान और दुर्घटना के कारणों की जांच जारी

पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वाहन के पंजीकरण नंबर और अन्य दस्तावेजों के आधार पर मृतकों एवं घायल की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही फरार ट्रक चालक और खलासी की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page