बांकीपुर उपचुनाव में उतरेंगे प्रशांत किशोर, जन सुराज ने किया उम्मीदवार घोषित; बोले- भाजपा को हराने के लिए जो करना पड़ेगा, करेंगे

0
1783269423864.jpg
Share with

आर्यावर्त वाणी | पटना | 05 जुलाई 2026,

पटना: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए जन सुराज पार्टी ने बड़ा राजनीतिक दांव खेलते हुए पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर को अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने कोर कमेटी की बैठक के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी औपचारिक घोषणा की। उन्होंने बताया कि सर्वसम्मति से प्रशांत किशोर को बांकीपुर से चुनाव लड़ाने का निर्णय लिया गया है।

उम्मीदवार घोषित होने के बाद प्रशांत किशोर ने कहा कि भाजपा को हराने के लिए जो कुछ भी करना पड़ेगा, वह करेंगे। उन्होंने पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि पिछले चार वर्षों से जन सुराज ही उनका जीवन है और आने वाले वर्षों तक उनका एकमात्र उद्देश्य बिहार में राजनीतिक बदलाव लाना रहेगा।

बांकीपुर चुनाव बदलाव की लड़ाई”

प्रशांत किशोर ने कहा कि बांकीपुर से चुनाव लड़ना उनके लिए केवल एक सीट का चुनाव नहीं, बल्कि बिहार में बदलाव की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि 2025 के विधानसभा चुनाव के बाद जन सुराज के समर्थकों में कुछ निराशा जरूर आई थी, लेकिन यदि बांकीपुर में पार्टी जीत दर्ज करती है तो यह पूरे बिहार में बदलाव की राजनीति को नई ऊर्जा देगा।

उन्होंने कहा कि बांकीपुर के मतदाताओं और कार्यकर्ताओं के आग्रह पर उन्होंने चुनाव लड़ने का फैसला किया है और यदि जनता उन्हें जीताकर विधानसभा भेजती है तो वे लोगों की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे।

यह सम्राट चौधरी सरकार पर जनमत संग्रह”

प्रशांत किशोर ने बांकीपुर उपचुनाव को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली सरकार पर जनमत संग्रह करार दिया। उन्होंने कहा कि यह चुनाव केवल एक विधानसभा सीट का चुनाव नहीं है, बल्कि सरकार के कामकाज, नीति, चाल, चरित्र और चेहरे पर जनता की राय है।

उन्होंने कहा कि यदि भाजपा यह चुनाव जीतती है तो इसे सरकार की नीतियों पर जनता की सहमति माना जाएगा, लेकिन यदि भाजपा हारती है तो सरकार को यह स्वीकार करना होगा कि उसकी कार्यशैली और नीतियां जनता को स्वीकार नहीं हैं।

सम्राट चौधरी पर साधा निशाना

प्रशांत किशोर ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर भी तीखा हमला बोलते हुए कहा कि बिहार का बड़ा वर्ग उनके नेतृत्व पर भरोसा नहीं करता। उन्होंने आरोप लगाया कि सम्राट चौधरी जनता द्वारा सीधे मुख्यमंत्री के रूप में नहीं चुने गए, बल्कि उन्हें “पिछले दरवाजे” से मुख्यमंत्री बनाया गया।

उन्होंने कहा कि बांकीपुर की जनता पर बड़ी जिम्मेदारी है क्योंकि यह चुनाव बिहार की राजनीति की दिशा तय करने वाला साबित हो सकता है। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस चुनाव से सरकार नहीं बदलेगी, लेकिन राज्य की राजनीति का संदेश जरूर जाएगा।

बैठक में कई गणमान्य नेता रहे मौजूद

घोषणा के दौरान पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे। इनमें रामबली चंद्रवंशी, किशोर कुमार मुन्ना, केसी सिन्हा, एमएलसी आफाक अहमद, कुमार सौरव, सुभाष कुशवाहा, सरवर अली, इंदू सिन्हा, ओबैदुर रहमान, जेपी सिंह और राकेश पटेल सहित अन्य नेता शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page