अवैध बालू परिवहन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, ट्रैक्टर जब्त; डेढ़ लाख रुपये का जुर्माना

0
1782837344587.jpg
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 30 जून 2026,

गयाजी: जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर के निर्देश पर अवैध खनन एवं अवैध बालू परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलवार को जिला खनन कार्यालय एवं मोहनपुर थाना की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की। जांच अभियान के दौरान अवैध रूप से बालू का परिवहन कर रहे एक ट्रैक्टर को जब्त किया गया।

जांच के दौरान नहीं मिले वैध दस्तावेज

संयुक्त टीम ने मोहनपुर प्रखंड के मध्य विद्यालय लाडू के समीप सुबह करीब 7:44 बजे बालू लदे एक ट्रैक्टर को रोककर जांच की। जांच के दौरान वाहन पर आवश्यक पंजीकरण विवरण एवं खनन संबंधी पहचान अंकित नहीं पाई गई। साथ ही चालक एवं वाहन स्वामी वैध परिवहन चालान अथवा अन्य आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।

प्रथम दृष्टया मामला अवैध बालू परिवहन का पाए जाने पर ट्रैक्टर एवं ट्रॉली को विधिवत जब्त कर मोहनपुर थाना के सुपुर्द कर दिया गया।

वाहन स्वामी पर लगा करीब 1.5 लाख रुपये का जुर्माना

जिला प्रशासन ने बताया कि वाहन स्वामी एवं चालक के विरुद्ध खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957, बिहार खनिज नियमावली तथा अन्य प्रासंगिक कानूनी प्रावधानों के तहत प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

इसके अलावा ट्रैक्टर स्वामी पर अवैध खनन एवं परिवहन के मामले में करीब 1.5 लाख रुपये का आर्थिक दंड भी अधिरोपित किया गया है।

अवैध खनन पर जारी रहेगा अभियान

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन और अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ सख्त अभियान लगातार जारी रहेगा। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि इस प्रकार की गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

लोगों से सहयोग की अपील

प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध खनन या अवैध बालू परिवहन की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तत्काल संबंधित प्रशासनिक या पुलिस अधिकारियों को दें, ताकि समय पर कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page