गयाजी में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ, 7.61 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी दो बूंद जिंदगी की

0
IMG-20260628-WA0008.jpg
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 28 जून 2026,

गयाजी: जिले में रविवार को राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया। गयाजी शहर के गुरुद्वारा रोड स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या-40 में बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर अभियान की शुरुआत की गई। इस अवसर पर डीपीएम स्वास्थ्य नीलेश कुमार, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. राजीव अंबष्ट, डीसीएम मनीष कुमार, विश्व स्वास्थ्य संगठन के सर्विलांस मेडिकल ऑफिसर डॉ. कुणाल, यूनिसेफ के संजय कुमार तथा अन्य स्वास्थ्य अधिकारी मौजूद रहे।

7.61 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, इस अभियान के तहत जिले के शून्य से पांच वर्ष तक के कुल 7 लाख 61 हजार 958 बच्चों को पोलियो की जीवनरक्षक खुराक पिलाई जाएगी। अभियान जिले के सभी 24 प्रखंडों और शहरी क्षेत्रों सहित कुल 25 प्लानिंग यूनिट में संचालित किया जा रहा है।

1,877 टीमें घर-घर जाकर पिलाएंगी दवा

डीपीएम स्वास्थ्य नीलेश कुमार ने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए 1,877 टीमों का गठन किया गया है, जो घर-घर जाकर पांच वर्ष से कम आयु के बच्चों को पोलियो की दवा पिलाएंगी। इसके अलावा बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और अन्य ट्रांजिट स्थलों पर 271 टीमों की तैनाती की गई है, ताकि यात्रा के दौरान कोई भी बच्चा दवा पीने से वंचित न रह जाए।

इसके अतिरिक्त, अभियान की निगरानी और छूटे हुए बच्चों तक पहुंचने के लिए 49 मोबाइल टीमें भी तैयार की गई हैं।

दो जुलाई तक चलेगा अभियान

डीपीएम ने कहा कि यह अभियान केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि बच्चों के सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य के लिए समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि जिन घरों में शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चे हैं, वे उन्हें अनिवार्य रूप से पोलियो की खुराक पिलाएं। यह अभियान 2 जुलाई तक चलेगा, जिसके बाद छूटे हुए बच्चों को कवर करने के लिए मॉप-अप राउंड भी चलाया जाएगा।

पोलियो मुक्त भारत बनाए रखने के लिए जरूरी है अभियान

जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. राजीव अंबष्ट ने बताया कि भारत ने पोलियो बीमारी का सफलतापूर्वक उन्मूलन कर लिया है, लेकिन वायरस के दोबारा फैलने से रोकने और बच्चों में प्रतिरक्षा बनाए रखने के लिए हर वर्ष पल्स पोलियो अभियान चलाया जाता है।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे को पोलियो की दो बूंद दवा पिलाना जरूरी है, ताकि देश की पोलियो मुक्त स्थिति बरकरार रखी जा सके।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page