गया कॉलेज में जीएसटी जागरूकता संगोष्ठी एवं शिविर का आयोजन, छात्र-छात्राओं को कर प्रणाली की दी गई जानकारी

0
IMG-20260625-WA0015.jpg
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 25 जून 2026,

गयाजी: गुरुवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), गया कॉलेज, गयाजी एवं केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर एवं सीमा शुल्क बोर्ड (सीबीआईसी), जीएसटी बिहार के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को मुंशी प्रेमचंद सभागार में जीएसटी जागरूकता संगोष्ठी एवं जागरूकता शिविर का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं के बीच वस्तु एवं सेवा कर (GST) के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा देश की कर व्यवस्था के महत्व से अवगत कराना था।

वंदे मातरम के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ

कार्यक्रम का उद्घाटन गया कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सतीश सिंह चंद्र, जीएसटी विभाग के असिस्टेंट कमिश्नर शिशिर सौरव एवं सुपरिटेंडेंट शाहिद अशरफी द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम गीत के साथ हुई।

अपने स्वागत भाषण में प्राचार्य प्रो. सतीश सिंह चंद्र ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए देश के आर्थिक विकास में जीएसटी की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।

छात्रों को दी गई जीएसटी की विस्तृत जानकारी

असिस्टेंट कमिश्नर  शिशिर सौरव ने छात्र-छात्राओं को जीएसटी की अवधारणा, इसकी उपयोगिता एवं कर प्रणाली में इसके योगदान की विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर जीएसटी विषयक एक पीपीटी प्रस्तुति भी प्रदर्शित की गई, जिसके माध्यम से छात्रों को कर व्यवस्था की बारीकियों से अवगत कराया गया।

क्विज और निबंध प्रतियोगिता में छात्रों ने दिखाई प्रतिभा

कार्यक्रम के दौरान पीपीटी प्रस्तुति के आधार पर प्रश्नोत्तरी (क्विज) प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने ज्ञान का प्रदर्शन किया।

इसके अलावा एक निबंध प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें लगभग 30 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

समाज में जीएसटी जागरूकता फैलाने का आह्वान

कार्यक्रम के संयोजक एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. राजेश कुमार मिश्र ने जीएसटी जागरूकता पखवाड़ा के अवसर पर छात्र-छात्राओं से जीएसटी संबंधी जानकारी प्राप्त करने तथा समाज में इसके प्रति जागरूकता फैलाने की अपील की।

बड़ी संख्या में शिक्षक और छात्र रहे उपस्थित

इस अवसर पर कॉलेज के बर्सर डॉ. मारकंडे पांडे, उर्दू विभागाध्यक्ष डॉ. अब्दुल हई, डॉ. मिनहाजुद्दीन, प्राचीन इतिहास विभागाध्यक्ष डॉ. कुणाल किशोर, मनोविज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. आनंद कुमार, गया स्किल सेंटर के डॉ. अहमद, गायत्री परिवार के मुकेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के शिक्षकगण एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में गया स्किल सेंटर तथा कॉलेज के विभिन्न विभागों के छात्र-छात्राओं की उल्लेखनीय सहभागिता रही। राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

अंत में असिस्टेंट कमिश्नर शिशिर सौरव ने सभी प्रतिभागियों एवं अतिथियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।

कार्यक्रम में शामिल अतिथि एवं छात्र छात्राएं

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page