भीषण गर्मी और लू के कारण गयाजी में कक्षा 8 तक के सभी स्कूल 25 जून तक बंद, डीएम ने जारी किया आदेश
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 21 जून 2026,
गयाजी: जिले में लगातार पड़ रही भीषण गर्मी और लू की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिला दंडाधिकारी शशांक शुभंकर ने बच्चों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा-163 के तहत आदेश जारी किया है।
कक्षा 8 तक की शैक्षणिक गतिविधियों पर 25 जून तक रोक
जारी आदेश के अनुसार, गयाजी जिले के सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों, प्री-स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्रों तथा कोचिंग संस्थानों में कक्षा 8 तक की सभी शैक्षणिक गतिविधियों पर 22 जून से 25 जून 2026 तक पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। इस आदेश के तहत कक्षा 8 तक के विद्यार्थियों के लिए ऑफलाइन शिक्षण गतिविधियां पूरी तरह बंद रहेंगी।
कक्षा 9 से 12 तक की कक्षाएं सुबह 11 बजे तक संचालित होंगी
जिला प्रशासन ने कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों को राहत देते हुए विद्यालय संचालन की अनुमति दी है। हालांकि, इन कक्षाओं का संचालन पूर्वाह्न 11:00 बजे तक ही किया जाएगा। विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिया गया है कि वे गर्मी और लू से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां अपनाएं तथा विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।
अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन से सहयोग की अपील
जिला प्रशासन ने अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यालय प्रबंधन से अपील की है कि वे बच्चों को तेज धूप और लू से बचाने के लिए आवश्यक एहतियात बरतें तथा प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करें।
प्रशासन ने कहा है कि मौसम की परिस्थितियों की लगातार निगरानी की जा रही है और जरूरत पड़ने पर आगे भी आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे।
